बलिदानी बेटे को सैल्यूट कर मां ने दी अंतिम विदाई

यहां के गांव दमदमा निवासी लांसनायक आकाश खटाना ने मां भारती की रक्षा करते हुए प्राण बलिदान कर दिए। सेना की एक टुकड़ी उनका पार्थिव शरीर लेकर बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे गांव पहुंची। सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 24 Jun 2021 04:05 PM (IST) Updated:Thu, 24 Jun 2021 07:25 PM (IST)
बलिदानी बेटे को सैल्यूट कर मां ने दी अंतिम विदाई
बलिदानी बेटे को सैल्यूट कर मां ने दी अंतिम विदाई

सतीश राघव, सोहना (गुरुग्राम)

यहां के गांव दमदमा निवासी नायक आकाश खटाना ने मां भारती की रक्षा करते हुए प्राण बलिदान कर दिए। सेना की एक टुकड़ी उनका पार्थिव शरीर लेकर बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे गांव पहुंची। सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। बलिदानी आकाश की मां संतोष तिरंगे में लिपटे जिगर के टुकड़े को देख पहले तो फफककर रो पड़ीं, लेकिन बेटा जब अंतिम यात्रा के लिए निकला तो मां ने सैल्यूट कर विदा किया। आकाश को मुखाग्नि सेना में रहकर देशसेवा कर चुके उनके पिता धरम खटाना ने दी। इस मौके पर सेना के अफसर, प्रशासनिक अधिकारी व क्षेत्र के मौजिज लोग मौजूद रहे।

आकाश की तैनाती 95एफडी रेजिमेंट में उरी में थी। करीब एक माह पहले आकाश सेना की एक टुकड़ी के साथ पैट्रोलिग कर रहे थे, उसी दौरान बर्फीली जमीन खिसक जाने पर उसके नीचे दबने से आकाश की हालत खराब हुई और उन्हें उधमपुर स्थित सैन्य अस्पताल में भर्ती किया गया। उनकी तबियत लगातार बिगड़ती रही। 10 दिन से उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। बुधवार शाम आकाश ने अंतिम सांस ली। निधन की सूचना रात में ही गांव में पहुंच गई थी। पूरे गांव में शोक की लहर छा गई। लोग अपने जवान के अंतिम दर्शन के लिए सुबह ही एकत्र हो गए।

बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे आकाश के पार्थिव शरीर को लेकर सेना के जवान गांव पहुंचे। गांव के लाल को तिरंगा में लिपटा देख लोगों ने 'जब तक सूरज चांद रहेगा आकाश तेरा नाम रहेगा' तथा भारत मां की जय के जयकारे लगाए। आकाश का एक छोटा भाई तथा दो बहनें हैं। वह सबसे बड़े थे। करीब डेढ़ साल पहले ही उनकी सविता के साथ शादी हुई थी। पति के अवकाश पर आने के इंतजार में बैठी सविता ने पति के पार्थिव शरीर को देखा तो वह बेहोश हो गईं। होश में आने के बाद गुमसुम बैठी थीं। दोनों बहन व भाई अंकित भी बेहाल दिखे। ऐसे में आकाश की मां ने दिल पर पत्थर रखा और सभी को सांत्वना दी। अंतिम संस्कार में भाजपा सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया, कांग्रेस के नेता सतबीर पहलवान, कर्नल धरमपाल राघव, राजपूत सभा के पूर्व प्रधान जतनबीर राघव, किसान नेता हेमचंद खटाना, पूर्व सरपंच सौराज, मनोज बजरंगी, मनोज सहजावास सतेन्द्र राघव सहित काफी संख्या में लोग शामिल हुए।

chat bot
आपका साथी