सार्वजनिक स्थल पर खुले में नमाज के विरोध में पढ़ी हनुमान चालीसा

सार्वजनिक स्थानों पर खुले में नमाज पढ़ने को लेकर साइबर सिटी में लगातार विरोध जारी है। शुक्रवार को सेक्टर-37 औद्योगिक क्षेत्र स्थित ट्राला पार्किंग स्थल पर नमाज पढ़ने पहुंचे लोगों का स्थानीय निवासियों ने विरोध किया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 26 Nov 2021 06:36 PM (IST) Updated:Fri, 26 Nov 2021 11:00 PM (IST)
सार्वजनिक स्थल पर खुले में नमाज के विरोध में पढ़ी हनुमान चालीसा
सार्वजनिक स्थल पर खुले में नमाज के विरोध में पढ़ी हनुमान चालीसा

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: सार्वजनिक स्थानों पर खुले में नमाज पढ़ने को लेकर साइबर सिटी में लगातार विरोध जारी है। शुक्रवार को सेक्टर-37 औद्योगिक क्षेत्र स्थित ट्राला पार्किंग स्थल पर नमाज पढ़ने पहुंचे लोगों का स्थानीय निवासियों ने विरोध किया। कहा कि वह उन्हें यहां नमाज पढ़ने की इजाजत नहीं दे सकते। इनका कहना है कि वह नमाज के विरोधी नहीं हैं, बशर्ते वह उचित स्थान पर पढ़ी जाए। इसके लिए मस्जिदें हैं। यदि वहां नहीं जा पा रहे हैं तो अपने घरों में पढ़ें। सार्वजनिक स्थान इसके लिए किसी भी प्रकार से उचित नहीं है। वहीं हिदू संगठनों के सदस्यों ने उसी जगह पर हनुमान चालीसा का पाठ कर हवन किया। मुंबई पर आतंकी (26/11) हमले के बलिदानियों की आत्मा की शांति के लिए हवन भी किया। विरोध के बीच मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पुलिस की सुरक्षा में नमाज पढ़ी। हालांकि पहले के मुकाबले नमाज पढ़ने वाले लोगों की संख्या कम रही।

शुक्रवार को मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जैसे ही नमाज पढ़ना शुरू किया हिदू संगठनों के लोगों ने जय श्रीराम के नारे लगाने शुरू कर दिए। विरोध कर रहे लोगों ने कहा शहर के जिन 20 स्थानों पर जिला प्रशासन ने नमाज पढ़ने की अनुमति दे रही है, उसे वापस लिया जाए। इन्हीं 20 स्थानों में से एक सेक्टर-37 भी है।

सेक्टर-37 में नमाज अदा करने आए नजर मोहम्मद, मुस्तफा ने कहा जिला प्रशासन ने जो स्थान उनके लिए निर्धारित किया है वह वहीं पर आ रहे हैं। उनका यह भी कहना है कि लंबे समय से वह यहां नमाज पढ़ते आ रहे हैं। पुलिस बल की मौजूदगी के कारण यहां किसी प्रकार का बड़ा विवाद नहीं हुआ। दोनों पक्ष शांतिपूर्ण तरीके से अपने-अपने घरों को लौट गए। गुरुद्वारा रोड पर रही कड़ी सुरक्षा

सब्जी मंडी के पास स्थित बड़े गुरुद्वारा परिसर के पास सुबह 11 बजे से ही काफी संख्या में पुलिस कर्मी तैनात नजर आए। हालांकि मुस्लिम समुदाय की ओर से परिसर में नमाज पढ़ने के लिए कोई नहीं आया। बता दें कि श्रीगुरु सिंह सभा की ओर से भाईचारा बनाए रखने के लिए मुस्लिम समाज से कहा गया था कि जगह नहीं होने पर वह गुरुद्वारा परिसर में नमाज पढ़ सकते हैं। हालांकि इसका सिख समाज के अंदर भी विरोध शुरू हो गया था।

chat bot
आपका साथी