वन भूमि पर बने फार्म हाउसों का सर्वे पूरा

अरावली पहाड़ी क्षेत्र में वन भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए फार्म हाउसों के सर्वे का कार्य पूरा हो चुका है। अब राजस्व विभाग के रिकॉर्ड से मिलान किया जाएगा।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 01 Oct 2020 06:35 PM (IST) Updated:Thu, 01 Oct 2020 06:35 PM (IST)
वन भूमि पर बने फार्म हाउसों का सर्वे पूरा
वन भूमि पर बने फार्म हाउसों का सर्वे पूरा

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: अरावली पहाड़ी क्षेत्र में वन भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए फार्म हाउसों के सर्वे का कार्य पूरा हो चुका है। अब राजस्व विभाग के रिकॉर्ड से मिलान किया जाएगा। इससे फार्म हाउसों की रजिस्ट्री किन लोगों के नाम है, जानकारी सामने आएगी। मिलान के बाद फार्म हाउसों के मालिकों के नाम सार्वजनिक किए जाएंगे।

इसी साल अगस्त महीने के दौरान राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने आदेश जारी कर कहा है कि अगले छह महीने के भीतर वन भूमि पर बने फार्म हाउस ध्वस्त किए जाएंगे। आदेशानुसार वन विभाग ने फार्म हाउसों का सर्वे कर लिया है। राजस्व रिकॉर्ड से मिलने के बाद उन लोगों के नाम सामने आएंगे, जिन्होंने इलाके के लोगों से औने-पौने दाम पर जमीन खरीदकर फार्म हाउस बना लिए।

बताया जाता है कि कुछ फार्म हाउसों के मालिकों को नोटिस भी जारी कर दिया गया है। इस महीने के भीतर राजस्व रिकॉर्ड से मिलान करने के साथ ही नोटिस जारी करने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। सर्वे में कितने फार्म हाउसों की जानकारी सामने आई, इस बारे में मंडल वन अधिकारी जय कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन संपर्क नहीं हो सका।

इधर, अरावली आंदोलन के सूत्रधार व सेवानिवृत्त वन संरक्षक डॉ. आरपी बालवान का कहना है कि जब सर्वे कर लिया तो फिर रिपोर्ट सार्वजनिक करने में क्या परेशानी है। लोगों को जानने का अधिकार है कि वन भूमि पर कितने फार्म हाउस बने हुए हैं। किन लोगों के फार्म हाउस हैं। विभाग पूरी रिपोर्ट जल्द सार्वजनिक करे।

chat bot
आपका साथी