अचानक बदला मौसम का मिजाज, सहमे किसान

साइबर सिटी में शुक्रवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 21 Feb 2020 07:03 PM (IST) Updated:Fri, 21 Feb 2020 07:03 PM (IST)
अचानक बदला मौसम का मिजाज, सहमे किसान
अचानक बदला मौसम का मिजाज, सहमे किसान

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: साइबर सिटी में शुक्रवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। जहां रोजाना सुबह सात बजे ही धूप निकल जाती थी, वहीं सुबह 11:00 बजे तक सूर्य के दर्शन नहीं हुए। तेज हवाएं चलने और आसमान में बादल छाये रहने के बीच कई बार बूंदाबांदी भी हुई। मौसम को देखकर ऐसा लग रहा है कि कभी भी तेज बारिश हो सकती है। इसे जहां शहरी लोग सुहाना मौसम बता रहे हैं, वहीं किसान सहमे हैं। किसानों का कहना है कि तेज हवाओं से गेहूं और सरसों की फसल को नुकसान हो सकता है।

मौसम के मिजाज में परिवर्तन बृहस्पतिवार की रात से ही होना शुरू हो गया था। रात 11:00 बजे के बाद ही आसमान में बादल छाने लगा और बादल गरजने लगे। जिले के कुछ हिस्से में रात में ही बूंदाबांदी भी हुई थी। मौसम विभाग द्वारा गुरुग्राम में बारिश की संभावना जताई जा रही है। डीएलएफ फेज-3 निवासी दीपांकर त्यागी का कहना है कि तेज हवा चलने का लाभ यह होगा कि इससे वायु प्रदूषण का स्तर घटेगा। लोगों को स्वच्छ हवा सांस लेने के लिए मिलेगी।

किसान सलाहकार समिति के चेयरमैन नरेंद्र सिंह का कहना है कि ऐसे मौसम में यदि बारिश हो जाए, तो यह फसलों के लिए काफी फायदेमंद होगा। इससे फसलों में लगने वाली बीमारियां दूर होंगी। हालांकि तेज हवा और ओले पड़े, तो इससे गेहूं और सरसों की फसल को भारी नुकसान हो सकता है। बस इसी बात का डर किसानों को सता रहा है। शहर का अधिकतम तापमान 24 व न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

chat bot
आपका साथी