'खेलो इंडिया' की मेजबानी मिली, तो प्रदेश में बढ़ेंगी खेल सुविधाएं

हरियाणा राज्य के अस्तित्व से लेकर अभी तक हरियाणा में राष्ट्रीय खेलों का आयोजन नहीं हुआ।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 21 Feb 2020 07:00 PM (IST) Updated:Fri, 21 Feb 2020 07:00 PM (IST)
'खेलो इंडिया' की मेजबानी मिली, तो प्रदेश में बढ़ेंगी खेल सुविधाएं
'खेलो इंडिया' की मेजबानी मिली, तो प्रदेश में बढ़ेंगी खेल सुविधाएं

अनिल भारद्वाज, गुरुग्राम

हरियाणा राज्य के अस्तित्व से लेकर अब तक प्रदेश में राष्ट्रीय खेलों का आयोजन नहीं हुआ है। अब प्रदेश खेल मंत्री ने 2021 में 'खेलो इंडिया' के आयोजन की मांग केंद्रीय खेल मंत्रालय से की है। काफी संभव है कि 'खेलो इंडिया' की मेजबानी का मौका प्रदेश को मिल सकता है। अगर ऐसा हुआ, तो गुरुग्राम समेत प्रदेश में राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाओं में इजाफा होगा। 'खेलो इंडिया' को लेकर हरियाणा के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का कहना है कि मेजबानी मिलने पर प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि होगी। कई बार की गई राष्ट्रीय खेलो की मांग :

प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद वर्ष 2015 में प्रदेश खेल विभाग की तरफ से राष्ट्रीय खेलों के आयोजन की मांग भारतीय ओलंपिक संघ में रखी गई थी। राष्ट्रीय खेलो का आयोजन की मांग करने का मकसद प्रदेश में भी खेलों की सुविधा राष्ट्रीय स्तर की बढ़ाने की थी। देश में जिस प्रदेश को राष्ट्रीय खेल की मेजबानी मिलती है, उसे केंद्र सरकार से करोड़ो रुपये मिलते हैं, ताकि खेलों की तैयारी हो सके। आज महाराष्ट्र, केरल, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, कर्नाटक व अन्य प्रदेश जहां पर खेलो का आयोजन हुआ है, वहां पर खेलों की बेहतर सुविधा है। वर्जन..

हमने अगले वर्ष 'खेलो इंडिया' का आयोजन मांगा है। 'खेलो इंडिया' एक बड़ा खेल महाकुंभ है। अगर यह आयोजन हमें मिलता है, तो प्रदेश में पहली बार बड़ा आयोजन होगा। इसमें एक साथ 35 खेल स्पर्धा होगी। अभी तक यहां पर राष्ट्र स्तरीय खेलों का आयोजन नहीं हुआ है। प्रदेश की तरफ से कई बार आयोजन मांगा गया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। 36वें राष्ट्रीय खेल 2020 गोवा में नवंबर माह में होना है। अगली बार का आयोजन यहां करने का दावा करेंगे।

संदीप सिंह, खेल मंत्री

हरियाणा में 'खेलो इंडिया' के आयोजन का मौका मिलता है, तो यह प्रदेश के लिए गर्व की बात होगी। खेल मंत्री ने अच्छी मांग की है। इससे प्रदेश में राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधा के साथ खिलाड़ियों की संख्या भी बढ़ेगी।

बजरंग पूनिया, अंतरराष्ट्रीय पहलवान

देश के अन्य प्रदेशों में बड़े खेलों का आयोजन हुआ है, लेकिन हरियाणा में नहीं। 'खेलो इंडिया' का आयोजन हरियाणा में होता है, तो बड़ी उपलब्धि होगी और खेल सुविधाएं बढ़ेंगी। खेल मंत्री प्रदेश को खेलों में बड़ा आयोजक बनाने का प्लान कर रहे है। यह सराहनीय कदम है।

मनोज कुमार, अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज

मैं चाहता हूं हरियाणा को 'खेलो इंडिया' की मेजबानी जरूर मिले। अगर ऐसा हुआ, तो एक नई शुरुआत होगी। इससे कई खेलों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधा मिलेगी।

नीरज चोपड़ा, अंतरराष्ट्रीय भांला फेंक खिलाड़ी

chat bot
आपका साथी