विधायक ने निगम पर फोड़ा घोटाला बम

पटौदी के विधायक सत्यप्रकाश जरावता ने नगर निगम मानेसर के कुछ अधिकारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए निगमायुक्त मुनीश शर्मा को पत्र लिख कार्रवाई करने की मांग की है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 26 Oct 2021 05:52 PM (IST) Updated:Tue, 26 Oct 2021 05:57 PM (IST)
विधायक ने निगम पर फोड़ा घोटाला बम
विधायक ने निगम पर फोड़ा घोटाला बम

जागरण संवाददाता, मानेसर: पटौदी के विधायक सत्यप्रकाश जरावता ने नगर निगम मानेसर के कुछ अधिकारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए निगमायुक्त मुनीश शर्मा को पत्र लिख कार्रवाई करने की मांग की है। विधायक ने नगर निगम की विभिन्न शाखाओं में तैनात अधिकारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। निगम में इससे पहले भी कई बार घोटालों की सूचना विधायक को मिली थी। विधायक द्वारा निगमायुक्त से कार्रवाई करने और विजिलेंस जांच के लिए पत्र लिखने से अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।

मंगलवार को लिखे गए तीन पत्रों के बाद कई ठेकेदार भी परेशान हैं। अलग-अलग शाखाओं में निकाले गए टेंडर की जांच करने के आदेश के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने कागजी कार्यवाही को पूरा करने के लिए मंगलवार का पूरा दिन लगाया। विधायक को कई बार इस मामले में शिकायत मिल चुकी थी। विधायक के मुताबकि कई अधिकारी केवल अपने चहेते लोगों के कार्य तो कर देते हैं लेकिन आम जनता की सुनने वाला कोई नहीं है। इस तरह का रवैया कुछ बड़े अफसर भी अपनाए हुए हैं।

विज्ञापन, इलेक्ट्रिक और सिविल कार्यों की जांच की मांग

विधायक सत्यप्रकाश जरावता की तरफ से निगम की विज्ञापन, इलेक्ट्रिक और सिविल शाखा में तैनात अधिकारियों की जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बिना जरूरत के अखबारों में विज्ञापन देने का आरोप लगाते हुए कहा कि निगम गठन से अब तक सभी विज्ञापनों की जांच की जाए। निगम गठन से अब भी इलेक्ट्रिक से संबंधित सभी कार्यों का ब्यौरा विधायक द्वारा मांगा गया है। इसके साथ ही कार्रवाई करने की मांग भी की है।

नगर निगम की सिविल शाखा में तैनात अधिकारियों पर ठेकेदारों से मिल टेंडर जारी करने के आरोप लगाए हैं। मुख्यमंत्री द्वारा एडवाइजरी कमेटी बनाने की बात कही गई थी लेकिन निगम गठन के दस माह बाद भी इसका गठन नहीं हो पाया है। इससे सभी लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। निगम में तैनात अधिकतर अधिकारियों के पास अतिरिक्त कार्यभार है। इससे अधिकारी रोजाना भी कार्यालय में नहीं आते हैं। लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा हैं मानेसर नगर निगम की कई बार शिकायत आई थी। किसी भी सूरत में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निगमायुक्त को पत्र लिख जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। मैंने मांग की है कि विजिलेंस से भी रिकार्ड की जांच कराई जाए और इसकी रिपोर्ट मुझे भी दी जाए। भ्रष्ट अधिकारी और कर्मचारियों पर कार्रवाई के लिए मैं स्वयं मुख्यमंत्री से मिलूंगा।

सत्यप्रकाश जरावता, विधायक

chat bot
आपका साथी