एक साल मे तैयार होगा शहर का सबसे लंबा फ्लाईओवर

साइबर सिटी का सबसे लंबा फ्लाईओवर एक साल के भीतर हर हाल में तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 19 Jan 2020 07:07 PM (IST) Updated:Mon, 20 Jan 2020 06:21 AM (IST)
एक साल मे तैयार होगा शहर का सबसे लंबा फ्लाईओवर
एक साल मे तैयार होगा शहर का सबसे लंबा फ्लाईओवर

आदित्य राज, गुरुग्राम

साइबर सिटी का सबसे लंबा फ्लाईओवर एक साल के भीतर हर हाल में तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसे ध्यान में रखकर निर्माण कार्य तेजी से चलाने के निर्देश जारी किए गए हैं। फ्लाईओवर बन जाने के बाद गुरुग्राम में दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे स्थित राजीव चौक से लेकर बादशाहपुर से आगे तक गुरुग्राम-सोहना रोड पर ट्रैफिक का दबाव लगभग खत्म हो जाएगा। वर्तमान समय में पीक आवर के दौरान ही नहीं बल्कि 24 घंटे ट्रैफिक का दबाव रहता है। इस वजह से 10 से 15 मिनट की दूरी कभी-कभी एक से डेढ़ घंटे में तय करने के लिए लोग मजबूर होते हैं।

साइबर सिटी की बड़ी समस्याओं में एक है सोहना रोड पर सुभाष चौक से लेकर बादशाहपुर तक ट्रैफिक जाम की समस्या। इसे लेकर लगभग पांच किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर बनाने की मांग चल रही थी। इसे केंद्रीय भूतल सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने न केवल स्वीकार किया बल्कि जल्द से जल्द बनवाने का भी आश्वासन दे चुके हैं। कार्य करने की जिम्मेदारी ओरिएंटल स्ट्रक्चरल इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड को दी गई है। पिछले साल से काम शुरू हो चुका है।

काम काफी तेजी से चल रहा था लेकिन शहर में प्रदूषण का स्तर बढ़ने की वजह से सभी प्रकार के निर्माण कार्यों पर रोक लगा दी गई थी। इस वजह से फ्लाईओवर के निर्माण का कार्य भी लगभग दो महीने प्रभावित रहा। इसके बाद भी इस साल के अंत तक हर हाल में फ्लाईओवर तैयार हो जाए इस बारे में पिछले सप्ताह भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) गुरुग्राम के वरिष्ठ अधिकारियों ने निर्माण कंपनी के अधिकारियों के साथ बैठक की। उसमें कहा गया कि हर हाल में इस साल के भीतर काम पूरा होना चाहिए। इसके लिए जितनी मैनपावर की आवश्यकता है, लगाएं। जहां कहीं भी दिक्कत आ रही है, उसके बारे में संबंधित अधिकारी को बताएं। सोहना तक होगा छह लेन का राष्ट्रीय राजमार्ग

दरअसल, पूरा प्रोजेक्ट गुरुग्राम में राजीव चौक से लेकर सोहना तक राष्ट्रीय राजमार्ग को छह लेन करने का है। इसी का हिस्सा लगभग पांच किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर है। सुभाष चौक से बादशाहपुर तक ट्रैफिक का दबाव अधिक होने की वजह से फ्लाईओवर का निर्माण सबसे पहले करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रोजेक्ट के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ-साथ दोनों तरफ सर्विस लेन भी तीन-तीन लेन की होगी। फ्लाईओवर का निर्माण निर्धारित समय के दौरान पूरा हो, इसे लेकर एनएचएआइ लगातार नजर रख रही है। कंपनी से कहा गया है कि हर साल में इस साल के भीतर फ्लाईओवर का निर्माण पूरा किया जाए। निश्चित रूप से फ्लाईओवर बनने के बाद इलाके में ट्रैफिक का दबाव कम हो जाएगा।

-एके शर्मा, निदेशक (प्रोजेक्ट), एनएचएआइ, गुरुग्राम

chat bot
आपका साथी