हथियार के बल पर लूट के पांच आरोपित गिरफ्तार

आरडी सिटी के गेट नंबर-तीन के नजदीक से हथियार के बल एक स्कूटी सवार से 653

By JagranEdited By: Publish:Fri, 19 Apr 2019 06:29 PM (IST) Updated:Sat, 20 Apr 2019 06:33 AM (IST)
हथियार के बल पर लूट के पांच आरोपित गिरफ्तार
हथियार के बल पर लूट के पांच आरोपित गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम : आरडी सिटी के गेट नंबर-तीन के नजदीक से हथियार के बल एक स्कूटी सवार से 6,53,800 रुपये की लूट मामले में पांच आरोपितों को क्राइम ब्रांच सेक्टर-39 की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। इनमें एक आरोपित को बृहस्पतिवार सुबह गिरफ्तार किया गया था। उससे पूछताछ के आधार पर चार अन्य आरोपितों को शुक्रवार सुबह गिरफ्तार किया गया। मामले में अब केवल एक आरोपित पकड़ से बाहर है। दो आरोपितों ने रेकी की थी जबकि चार ने वारदात को अंजाम दिया था।

इसी महीने 17 अप्रैल को सेक्टर-52 इलाके में संचालित उल्लतमस नामक फॉरेन मनी चेंज करने वाली कंपनी के मैनेजर विनय कुमार से वैगनआर सवार चार बदमाश हथियार के बल पर रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे। विनय कुमार कंपनी संचालक इरफान के कहने पर फॉरेन मनी चेंज कराने के बाद पैसे बैग में भरकर आइएनए दिल्ली मेट्रो स्टेशन से से हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन पहुंचे। वहां से अपनी स्कूटी लेकर आरडी सिटी के गेट-नंबर तीन के नजदीक जैसे ही पहुंचे कि पीछे से एक वैगनआर ने टक्कर मार दी। इससे वह गिर गए। गिरते ही कार से चार युवक उतरे और हथियार के बल पर बैग छीनकर फरार हो गए। वारदात सामने आने के बाद सेक्टर-53 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। साथ ही क्राइम ब्रांच सेक्टर-39 की टीम को जिम्मेदारी सौंपी गई। टीम ने सबसे पहले बृहस्पतिवार सुबह दिल्ली के लोधी रोड पुलिस कॉलोनी से निलेश (32) को गिरफ्तार किया। उसे बृहस्पतिवार दोपहर अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

इसके बाद शुक्रवार सुबह आइएनए मेट्रो स्टेशन से चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान दिल्ली के लोधी रोड इलाके की झुग्गी में रहने वाले तौकिर (28), अनिल (50) एवं विजय (29) तथा आंध्रप्रदेश के ईस्ट गोदावरी जिले के गांव राजोल निवासी दीपक (37) के रूप में की गई। इनमें से तौकिर कंपनी के मालिक इरफान का भतीजा है। यह चिकन बेचने का काम करता है। इसी ने विजय के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी। इसे पता था कि कंपनी में प्रतिदिन 15 से 20 लाख रुपये का लेन-देन होता है। पत्रकारों से बातचीत में पुलिस उपायुक्त (क्राइम) राजीव देशवाल एवं सहायक पुलिस आयुक्त शमशेर सिंह (क्राइम) ने वारदात के कुछ ही घंटे के भीतर छह में से पांच आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच सेक्टर-39 के प्रभारी वरुण कुमार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जल्द ही एक अन्य आरोपित को गिरफ्तार किया जाएगा। गिरफ्तार आरोपितों में से तौकिर को छोड़कर अन्य ने मौके पर वारदात को अंजाम दिया। तौकिर ने पूरी रेकी करके आरोपितों को पूरी जानकारी दी थी। कुछ राशि बरामद कर ली गई है।

chat bot
आपका साथी