आइडी प्रूफ और किराया मांगने पर गोली मार पीजी संचालक की हत्या

सेक्टर-38 इलाके में पीजी चलाने वाले मूल रूप से रोहतक जिले के गांव सांपला निवासी 35 वर्षीय संदीप शर्मा की दो युवकों ने मंगलवार देर रात गोली मार दी।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 05 May 2021 07:46 PM (IST) Updated:Wed, 05 May 2021 09:48 PM (IST)
आइडी प्रूफ और किराया मांगने पर  गोली मार पीजी संचालक की हत्या
आइडी प्रूफ और किराया मांगने पर गोली मार पीजी संचालक की हत्या

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: सेक्टर-38 इलाके में पीजी चलाने वाले मूल रूप से रोहतक जिले के गांव सांपला निवासी 35 वर्षीय संदीप शर्मा की दो युवकों ने मंगलवार देर रात गोली मार दी। उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। आरोपितों की पहचान झज्जर जिले के रहने वाले मनीष एवं जोंटू के रूप में की जा चुकी है। वे दोनों चार-पांच महीने से उसी पीजी में रह रहे थे, जिसमें उन्होंने संदीप पर गोलियां चलाईं। मृतक के दोस्त गौरव की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर किया है। क्राइम ब्रांच की सेक्टर-39 टीम को भी जांच में लगा दिया गया है।

पुलिस में दी शिकायत में बताया गया कि संदीप शर्मा मंगलवार रात सेक्टर-38 इलाके में ही पीजी चलाने वाले अपने दोस्त गौरव से मिलने पहुंचे थे। गौरव के पीजी में रह रहे मनीष एवं जोंटू न किराया दे रहे थे और न ही आइडी प्रूफ। इस पर संदीप ने दोनों से कहा कि किराया क्यों नहीं देते हो। इस पर दोनों में कहासुनी हो गई। इससे पहले दिन में दोनों की गौरव से भी कहासुनी हुई थी। रात में कहासुनी होने पर दोनों अपना सामान लेकर जाने लगे थे। तब संदीप ने किराया देने को कहा। इस पर दोनों में एक ने संदीप के सीने में गोली मार दी। जब गौरव ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो दूसरे ने संदीप के ऊपर गोली चला दी। इसके बाद दोनों आराम से चलते बने।

सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस के साथ ही इलाके के सहायक पुलिस आयुक्त अमन यादव मौके पर पहुंचे। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। उसमें दोनों गोली चलाते हुए दिख रहे हैं। बताया जाता है कि दोनों आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। वे फरार चल रहे हैं। उनके खिलाफ हत्या व लूट के मामले दर्ज हैं। इधर, इस वारदात ने यह भी साबित कर दिया है कि बिना आइडी प्रूफ के ही कुछ लोग पीजी में रह रहे हैं। यदि दोनों न ही किराया दे रहे थे और न ही आइडी प्रूफ, फिर पीजी संचालक ने पुलिस में शिकायत क्यों नहीं की? इस बात की भी जांच की जा रही है। आरोपितों की काफी हद तक पहचान हो चुकी है। टीमें उनके पीछे लगी हुई हैं। दोनों की गिरफ्तारी से पूरी सच्चाई सामने आएगी। वैसे जिस तरीके से वारदात को अंजाम देकर दोनों फरार हो गए, उससे लगता है कि दोनों आपराधिक प्रवृति के हैं। छानबीन की जा रही है।

- अमन यादव, सहायक पुलिस आयुक्त (सदर), गुरुग्राम

chat bot
आपका साथी