सीवर ओवरफ्लो से तालाब बनी सड़कें, लोगों ने लगाया जाम

दौलताबाद फ्लाईओवर क्षेत्र में सीवर का पानी कालोनी और सड़कों पर भरने से परेशान लोगों ने मंगलवार सुबह सड़क पर जाम लगा दिया। लगभग आधे घंटे तक सड़क अवरुद्ध रही।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 26 Oct 2021 05:15 PM (IST) Updated:Tue, 26 Oct 2021 05:20 PM (IST)
सीवर ओवरफ्लो से तालाब बनी सड़कें, लोगों ने लगाया जाम
सीवर ओवरफ्लो से तालाब बनी सड़कें, लोगों ने लगाया जाम

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: दौलताबाद फ्लाईओवर क्षेत्र में सीवर का पानी कालोनी और सड़कों पर भरने से परेशान लोगों ने मंगलवार सुबह सड़क पर जाम लगा दिया। लगभग आधे घंटे तक सड़क अवरुद्ध होने से आवाजाही बंद हो गई और वाहन ट्रैफिक जाम में फंस गए। गुस्साए लोगों ने निगम के खिलाफ नारेबाजी की। जाम की सूचना मिलने पर निगम अधिकारी पहुंचे। समस्या समाधान का आश्वासन मिलने के बाद लोग शांत हो गए और जाम खोल दिया।

दौलताबाद क्षेत्र की कालोनियों और औद्योगिक क्षेत्र में पिछले दस दिन से सीवर का गंदा पानी भरा हुआ है। जलभराव होने के कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है। इसको लेकर स्थानीय नागरिकों ने दौलताबाद फ्लाईओवर के नजदीक मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया। लोगों को समझाने के लिए मौके पर संयुक्त आयुक्त सुमित कुमार और एक्सईएन सुंदर श्योराण पहुंचे। लोगों ने अधिकारियों को अपनी समस्या से अवगत करवाया। एक्सईएन श्योराण ने बताया कि धनवापुर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में सीपेज के कारण दो मैनहोल धंस जाने से सीवर की लाइन ओवरफ्लो होने लगी थी। इसके कारण ज्यादा समस्या हुई है। 24 घंटे में समस्या को दूर करने का आश्वासन दिया गया है।

सीवर लाइन धंसी, मरम्मत के दौरान पेयजल लाइन भी टूटी

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: भीमनगर चौक के नजदीक सीवर लाइन धंसने के कारण परेशानी हो गई है। आसपास के क्षेत्र में जलभराव हो गया। सीवर लाइन की मरम्मत के दौरान यहां से गुजर रही पेयजल लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई। दो दिन तक सड़क पर पानी बहता रहा। इससे लोगों को काफी परेशानी हुई।

निगम की टीम ने अब पेयजल लाइन की मरम्मत कर पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी है। लेकिन सीवर लाइन की मरम्मत का कार्य चल रहा है। अर्थमूवर की मदद से एक गड्ढा खोदकर काम किया जा रहा है। निगम के जेई रोहित के मुताबिक सीवर लाइन की मरम्मत होने में दो से तीन दिन का समय लगेगा।

chat bot
आपका साथी