वार्डो की प्राथमिकता सूची बनाएं पार्षद : निगमायुक्त

मेयर मधु आजाद की अध्यक्षता में सोमवार को स्थानीय लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में निगमायुक्त मुकेश कुमार आहुजा एवं निगम पार्षदों की बैठक हुई। बैठक में सर्वप्रथम मेयर मधु आजाद और निगम पार्षदों ने दिवंगत निगम पार्षद आरएस राठी को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 21 Jun 2021 06:57 PM (IST) Updated:Mon, 21 Jun 2021 06:57 PM (IST)
वार्डो की प्राथमिकता सूची बनाएं पार्षद : निगमायुक्त
वार्डो की प्राथमिकता सूची बनाएं पार्षद : निगमायुक्त

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम : मेयर मधु आजाद की अध्यक्षता में सोमवार को स्थानीय लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में निगमायुक्त मुकेश कुमार आहुजा एवं निगम पार्षदों की बैठक हुई। बैठक में सर्वप्रथम मेयर मधु आजाद और निगम पार्षदों ने दिवंगत निगम पार्षद आरएस राठी को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। बैठक में मेयर ने कहा कि गुरुग्राम निगम सदन एवं अधिकारी आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए शेष बचे कार्यकाल में गुरुग्राम के विकास को और अधिक तेज करेंगे तथा बेहतर कार्य किए जाएंगे।

निगमायुक्त मुकेश कुमार आहुजा ने कहा कि आप लोग जनप्रतिनिधि हैं और धरातल की वास्तविकता के बारे में आपको ज्यादा जानकारी है। उन्होंने निगम पार्षदों से कहा कि वे अपने-अपने वार्डो की प्राथमिकता सूची तैयार करें। इनके अलावा, लंबित विकास कार्यो, धीमी गति से चलने वाले विकास कार्यो, भविष्य में किए जाने वाले विकास कार्यो तथा खराब गुणवत्ता वाले कार्यो की अलग-अलग सूची तैयार करें। निगमायुक्त ने कहा कि फिलहाल निगम का उद्देश्य बरसाती पानी की निकासी के पुख्ता प्रबंध करना और पौधारोपण करके हरियाली को बढ़ाना है। नगर निगम द्वारा इस मानसून में तीन लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इस बार बड़ एवं पीपल के 10-10 हजार पौधे लगाए जाएंगे।

निगमायुक्त ने कहा कि नगर निगम को अपने संसाधनों को बढ़ाने पर जोर देना चाहिए। इसके लिए बकाया टैक्स की वसूली करने के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।

पालीथिन फ्री सिटी बनाने पर रहेगा जोर : निगमायुक्त ने कहा कि चंडीगढ़ में बैठकर गुरुग्राम को देखने एवं धरातल पर देखने में काफी अंतर मिलता है। हम सभी को एक साथ मिलकर गुरुग्राम को बेहतर शहर बनाना है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को कचरा एवं पालीथिन फ्री सिटी बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत खत्तों की जगह मैटीरियल रिकवरी फैसिलिटी विकसित की जाएंगी।

जनशिकायतों के लिए बनेगा पोर्टल : निगमायुक्त ने कहा कि सभी नागरिकों की शिकायतों का समाधान सही तरीके से एवं समय पर हो, इसके लिए अधिकारियों को आनलाइन पोर्टल तैयार करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में निगम पार्षदों ने गलत वाटर बिल, सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सड़क, निजी कालोनियों को टेकओवर करने, जल निकासी के प्रबंध करने और वार्ड अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अंदरूनी तबादलों में निगम पार्षद की राय लेने संबंधी मामले रखे। बैठक में मेयर मधु आजाद, सीनियर डिप्टी मेयर प्रोमिला कबलाना, डिप्टी मेयर सुनीता यादव, अतिरिक्त निगमायुक्त रोहताश बिश्नोई व डीएफओ सुभाष यादव सहित पार्षद उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी