करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अम्मू बोले दूसरों को जीने का संदेश देने वाला अपना जीवन कैसे समाप्त कर सकता

अपने बेटे अनिरुद्ध राघव की मौत से करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल सिंह अम्मू पूरी तरह टूट चुके हैं। वह रोते हुए हर किसी से यही कहते हैं कि उनका बेटा न ही आत्महत्या कर सकता है और न ही कोई एक व्यक्ति उसकी हत्या कर सकता है।

By Vinay Kumar TiwariEdited By: Publish:Thu, 11 Mar 2021 05:31 PM (IST) Updated:Thu, 11 Mar 2021 05:31 PM (IST)
करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अम्मू बोले दूसरों को जीने का संदेश देने वाला अपना जीवन कैसे समाप्त कर सकता
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ सहित कई नेता पहुंचे।

गुरुग्राम, आदित्य राज। अपने बेटे अनिरुद्ध राघव की मौत से करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल सिंह अम्मू पूरी तरह टूट चुके हैं। वह रोते हुए हर किसी से यही कहते हैं कि उनका बेटा न ही आत्महत्या कर सकता है और न ही कोई एक व्यक्ति उसकी हत्या कर सकता है। कमरे में उसकी पत्नी के अलावा कोई न कोई और जरूर था क्योंकि शराब की बोतल मिली है। उनका बेटा न ही शराब पीता था और न ही सिगरेट। फिर कमरे में शराब किसने पी थी? 

बृहस्पतिवार दोपहर अपने आपको किसी तरह संभालते हुए सूरजपाल सिंह अम्मू ने दैनिक जागरण से बातचीत में कहा कि उनके परिवार में दूर-दूर तक आर्थिक तंगी नहीं। भगवान ने भरपूर दे रखा है। अनिरुद्ध की मौत को आर्थिक तंगी से जोड़ना गलत है। मामला कुछ और है। यह पुलिस की जांच से ही सामने आएगा। उनके बेटे की हत्या की गई है। वह आत्महत्या क्यों करेगा? जो दूसरों को जीने का संदेश देता था वह क्या अपनी जीवनलीला समाप्त कर लेगा।

पूरी साजिश के तहत वारदात को अंजाम दिया गया है। फ्लैट में पति-पत्नी के अलावा कोई तीसरा भी था। शराब की बोतल इस बात का गवाह है। कमरे में सिगरेट पीने के प्रमाण हैं। जल्द से जल्द पुलिस मामले की छानबीन पूरी कर सच्चाई सामने लाए। बता दें कि अनिरुद्ध राघव उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद में पत्नी के साथ रह रहे थे। मंगलवार देर रात फ्लैट में ही उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

शोक व्यक्त करने वालों तांता

एमजी रोड स्थित एस्सेल टावर सोसायटी के पायलट कोर्ट में बृहस्पतिवार सुबह से ही शोक व्यक्त करने के लिए पहुंचने वाले लोगों का तांता लगा हुआ है। मूल रूप से सोहना निवासी सूरजपाल सिंह अम्मू परिवार सहित सोसायटी के पायलट कोर्ट में रहते हैं।

शोक व्यक्त करने के लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, विधायक सुधीर सिंगला, दीपक मंगला, महाभारत सीरियल में द्रोणाचार्य की भूमिका निभाने वाले अभिनेता सुरेंद्रपाल, हरियाणा कला परिषद के निदेशक प्रो. संजय भसीन, वरिष्ठ भाजपा नेता सुमेर सिंह तंवर, सामाजिक कार्यकर्ता अरिदमन सिंह बिल्लू, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अभय सिंह दायमा, पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के सदस्य प्रवेश यादव एवं पूर्व आइपीएस अधिकारी अनिल धवन आदि पहुंचे। 

chat bot
आपका साथी