संघ की बैठक में कोरोना संकट के समय किए जा रहे कार्यों पर भी चर्चा, मोहन भागवत व भैय्या जी जोशी रहे मौजूद

सभी राज्यों के प्रतिनिधियों ने पिछले एक साल के दौरान किए गए कार्यों के बारे में जानकारी दी। साथ ही उन्होंने अपने आगामी कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बैठक में कोरोना संकट में संघ द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों के ऊपर भी चर्चा की गई।

By Vinay TiwariEdited By: Publish:Wed, 11 Nov 2020 06:49 PM (IST) Updated:Wed, 11 Nov 2020 06:49 PM (IST)
संघ की बैठक में कोरोना संकट के समय किए जा रहे कार्यों पर भी चर्चा, मोहन भागवत व भैय्या जी जोशी रहे मौजूद
गुरूग्राम में अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की उत्तर क्षेत्र इकाई की बैठक चल रही। (फाइल फोटो)

गुरुग्राम (आदित्य राज)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की उत्तर क्षेत्र इकाई की बैठक सेक्टर-9ए स्थित श्री एसएन सिद्धेश्वर स्कूल में बुधवार से शुरू हो गई। शुभारंभ सरसंघचालक डा. मोहनराव भागवत एवं सरकार्यवाह सुरेश जोशी (भय्याजी जोशी) ने भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि करके किया।

बैठक में लिए गए निर्णयों के बारे में बृहस्पतिवार शाम संघ के द्वारा अधिकृत रूप से जानकारी दी जाएगी। बुधवार को बैठक में सभी राज्यों के प्रतिनिधियों ने पिछले एक साल के दौरान किए गए कार्यों के बारे में जानकारी दी। साथ ही उन्होंने अपने आगामी कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बैठक के दौरान कोरोना संकट में संघ द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों के ऊपर भी चर्चा की गई।

कोविड-19 की वजह से इस बार अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक क्षेत्रीय स्तर पर आयोजित की जा रही है। कई क्षेत्रों की बैठक हो चुकी है। इसी क्रम में उत्तर क्षेत्र की बैठक गुरुग्राम में आयोजित की गई है। उत्तर क्षेत्र के अंतर्गत हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश एवं जम्मू-कश्मीर आते हैं। इन राज्यों से 43 प्रतिनिधि बैठक में भाग लेने के लिए पहुंचे हैं। यही नहीं इन राज्यों में संघ के जिन वरिष्ठ अधिकारियों का केंद्र है, वे भी बैठक में भाग ले रहे हैं। बैठक में पहले सभी राज्यों के प्रतिनिधि पिछले एक साल के दौरान किए गए कार्यों के साथ ही आगामी योजनाओं की जानकारी रखते हैं। बृहस्पतिवार को आगामी एक साल के दौरान किन-किन विषयों के ऊपर विस्तार से काम करना है, उसके बारे में निर्णय लिया जाएगा।

स्कूल में दीपोत्सव का आयोजन

बुधवार शाम श्री एसएन सिद्धेश्वर स्कूल में दीपोत्सव का भी आयोजन किया गया। सभी प्रतिनिधियों ने इसका आनंद उठाया। स्कूल के खुले सभागार में 501 दीप जलाए गए। इनमें से काफी दीप सेवा भारती के कार्यकर्ताओं ने अपने हाथों से तैयार किए थे। मिट्टी के साथ ही गाय के गोबर से भी दीप तैयार किए गए। पूरे स्कूल परिसर को स्वदेशी लड़ियों से सजाया गया है। यही नहीं भारतीय संस्कृति को दर्शाती चित्रकारी भी की गई है।

अभेद्य सुरक्षा के बीच चल रही बैठक

स्कूल के चारों तरफ सुरक्षा की जबर्दस्त व्यवस्था की गई है। इसका अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि सुरक्षा में चार सहायक पुलिस आयुक्त तैनात किए गए हैं। पूरी सुरक्षा व्यवस्था पर इलाके के पुलिस उपायुक्त दीपक सहारण नजर रख रहे हैं। आसपास के इलाकों में कई नाके लगाए गए हैं। पुलिस आयुक्त केके राव का कहना है कि जिस स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की जानी चाहिए, की गई है।

Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो

chat bot
आपका साथी