कहासुनी में ठेकेदार की गला घोंटकर हत्या

बसई एन्क्लेव इलाके में एक ठेकेदार की बुधवार रात गला घोंटकर हत्या कर दी गई।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 13 Aug 2020 08:45 PM (IST) Updated:Fri, 14 Aug 2020 06:17 AM (IST)
कहासुनी में ठेकेदार की गला घोंटकर हत्या
कहासुनी में ठेकेदार की गला घोंटकर हत्या

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: बसई एन्क्लेव इलाके में एक ठेकेदार की बुधवार रात गला घोंटकर हत्या कर दी गई। किसी को पता न चले इसके लिए शव को झाड़ियों में फेंक दिया था। आरोप ठेकेदार के ही नजदीकी एक मिस्त्री व उसके साथी पर है। बृहस्पतिवार सुबह लगभग 10 बजे मृतक ठेकेदार के ही एक अन्य मिस्त्री ने मामले को उजागर कर दिया। सूचना मिलते ही सेक्टर-9ए थाना पुलिस मौके पर पहुंची और झाड़ियों के नजदीक पानी से भरे गड्ढे से शव को बाहर निकाला। प्लॉट मालिक (जहां पर काम करने का ठेका ठेकेदार ने ले रखा था) गौरव अग्रवाल की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

सेक्टर-10 निवासी गौरव अग्रवाल बसई एन्क्लेव स्थित अपने प्लॉट में निर्माण कार्य करवा रहे हैं। इसमें टाइल्स लगाने का ठेका उन्होंने राजस्थान के करौली जिले के गांव गोपालगढ़ निवासी सुनील नामक ठेकेदार को दे रखा था। बृहस्पतिवार सुबह लगभग 10 बजे जब वह प्लॉट पर पहुंचे तो सुनील नहीं दिखा। इस पर उन्होंने पूछताछ की जो मिस्त्री ओमप्रकाश ने बताया कि बुधवार रात ठेकेदार मिस्त्री बाबूलाल एवं श्याम नामक युवक के साथ बैठकर शराब पी रहा था। उसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इस पर बाबूलाल एवं सुनील के बीच लड़ाई हो गई थी। उसी दौरान बाबूलाल ने सुनील का उसके बनियान से ही गला घोंट दिया। फिर शव को झाड़ियों में फेंक दिया। पूरी जानकारी हासिल करने के बाद प्लॉट मालिक ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-9ए थाना पुलिस मौके पर पहुंची और झाड़ियों के नजदीक पानी से भरे गड्ढे से शव को बाहर निकाला। शव को जानवरों ने काफी खा रखा था। शरीर के कई अंग नहीं थे। पुलिस ने मृतक के स्वजनों को सूचना दे दी है। उनके आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

प्लॉट मालिक गौरव अग्रवाल ने बताया कि ठेकेदार दिन रात काम करना चाहता था। इस वजह से वह मिस्त्रियों (बाबूलाल एवं ओमप्रकाश) के साथ प्लॉट में रहता था। बहुत ही गंभीर मामला है। पुलिस जल्द से जल्द छानबीन पूरी कर, सच्चाई सामने लाए। क्राइम ब्रांच की टीम ने भी छानबीन शुरू कर दी है। बताया जाता है कि पुलिस ने श्याम के साथ ही ओमप्रकाश को भी हिरासत में ले लिया है। बाबूलाल फरार चल रहा है। इस बारे में थाना प्रभारी अशोक कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन संपर्क नहीं हो सका।

chat bot
आपका साथी