मनोज हत्याकांड मामले में दो अन्य आरोपित गिरफ्तार

गांव अलीपुर की सरपंच ममता डागर के पति मनोज डागर की हत्या मामले में दो अन्य आरोपितों को क्राइम ब्रांच की सेक्टर-17 टीम ने बुधवार रात गिरफ्तार किया है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 21 Jan 2021 08:27 PM (IST) Updated:Thu, 21 Jan 2021 08:27 PM (IST)
मनोज हत्याकांड मामले में दो अन्य आरोपित गिरफ्तार
मनोज हत्याकांड मामले में दो अन्य आरोपित गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: गांव अलीपुर की सरपंच ममता डागर के पति मनोज डागर की हत्या मामले में दो अन्य आरोपितों को क्राइम ब्रांच की सेक्टर-17 टीम ने बुधवार रात गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान फरीदाबाद जिले की ईदगाह कालोनी निवासी शाहिद अली (फरीदाबाद के सेक्टर-तीन से गिरफ्तार किया गया) एवं गांव घरोड़ा निवासी शहजाद उर्फ मोनू (गांव घरोड़ा से ही गिरफ्तार किया गया) के रूप में की गई।

हत्या में प्रयोग की गई अल्टो कार को शाहिद अली ने अपने गोदाम पर कटवा कर कबाड़ में बेच दिया था। शहजाद ने आरोपित भारत, मोहित एवं पुनीत को वारदात के बाद पनाह दी थी। इधर, मामले में 15 जनवरी की रात गिरफ्तार किए गए आरोपित भारत, मोहित एवं पुनीत को रिमांड की अवधि पूरी होने के बाद बृहस्पतिवार दोपहर न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया गया। रिमांड के दौरान उनकी निशानदेही पर तीन कट्टा, एक पिस्टल, चार कारतूस, एक मोबाइल, एक वाइफाइ डोंगर एवं एक बाइक बरामद की गई है। मामले में सबसे पहले पुष्कर, महेश, अंकित, मुकेश को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार किए गए आरोपितों से कुल मिलाकर सात पिस्टल, सात कट्टा, 39 कारतूस, दो मोबाइल, एक वाइफाइ की बरामदगी की जा चुकी है।

गत वर्ष 15 जुलाई को गांव अलीपुर निवासी मनोज डागर को कार सवार बदमाशों ने गोली मार दी थी। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया था। वारदात को कुख्यात गैंगस्टर अशोक राठी गैंग के सदस्यों ने अंजाम दिया था। गैंग के गिरफ्तार सदस्यों से पूछताछ के मुताबिक उन्हें शक था कि अशोक राठी की हत्या में मनोज का हाथ था। गत वर्ष अशोक राठी की हत्या उसके घर पर ही गोली मारकर कर दी गई थी। सहायक पुलिस आयुक्त (क्राइम) प्रीतपाल ने बताया कि गैंग के सदस्य भारत, मोहित एवं पुनीत कई लोगों की हत्या करने वाले थे। इसके लिए ही हथियारों का इंतजाम किया था। क्राइम ब्रांच की सेक्टर-17 टीम ने आरोपितों को गिरफ्तार कर कई वारदात होने से बचा ली। बता दें कि पहली बार किसी गैंग से इतनी संख्या में हथियार बरामद किए गए हैं। इससे सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि उनके इरादे कितने खतरनाक थे।

chat bot
आपका साथी