सड़कों पर गाय बेसहारा छोड़ने वालों पर शिकंजा कसेगा नगर निगम

सड़कों पर बेसहारा गोवंश पर अंकुश लगाने के लिए दैनिक जागरण के अभियान का असर दिखने लगा है। नगर निगम ने गोवंश मालिकों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 04 Sep 2020 06:00 PM (IST) Updated:Fri, 04 Sep 2020 06:00 PM (IST)
सड़कों पर गाय बेसहारा छोड़ने वालों पर शिकंजा कसेगा नगर निगम
सड़कों पर गाय बेसहारा छोड़ने वालों पर शिकंजा कसेगा नगर निगम

महावीर यादव, बादशाहपुर

सड़कों पर बेसहारा गोवंश पर अंकुश लगाने के लिए दैनिक जागरण के अभियान का असर दिखने लगा है। नगर निगम ने गोवंश मालिकों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। सफाई निरीक्षक (सेनेटरी इंस्पेक्टर) की ड्यूटी ऐसे डेयरी संचालकों को चिन्हित करने के लिए लगाई गई है, जो अपनी गोवंश को सड़कों पर छोड़ देते हैं। नगर निगम इन डेयरी संचालकों को चिन्हित करने के लिए नगर निगम पार्षदों का भी सहयोग लेगा।

सड़कों पर व गली मोहल्लों में बेसहारा घूमते गोवंश की संख्या दिनों दिन बढ़ती जा रही है। इनके कारण सड़कों पर अक्सर हादसे होते हैं। कई लोग इनके कारण दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं। नगर निगम ने बेसहारा गोवंश को पकड़ने के लिए दो एजेंसियों को टेंडर दिए थे। इसके बावजूद गोवंश अभी भी सड़कों पर घूमते नजर आते हैं।

नगर निगम के लिए इन गोवंश को पकड़ना एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। सड़कों पर घूमते गोवंश को बेसहारा कहना भी उचित नहीं है। इस गोवंश के मालिक है। अधिकतर गायें तो शहर में डेयरी चलाने वालों की हैं। सड़कों पर घूमता नंदी (सांड) बेसहारा हो सकता है। जिनकी गाय सड़कों पर घूम रही है, उनका नेटवर्क बेहद मजबूत है। नगर निगम की टीम जब इनको पकड़ने के लिए निकलती है, तो गाय मालिकों को सूचना हो जाती है कि टीम आज इस क्षेत्र में गाय पकड़ेगा। उस क्षेत्र में से गायों को इधर-उधर कर दिया जाता है। ऐसे लोग गाय को पकड़ने वाली टीम के साथ मारपीट करने तक भी उतारू हो जाते हैं। दो कंपनियों को दिया गया टेंडर

नगर निगम ने बेसहारा गायों को पकड़कर गौशाला भेजने के लिए दो कंपनियों को टेंडर दे रखे थे। जोन 1 और 2 में यदुवंशी कंपनी गायों को पकड़कर गौशाला भेजने का काम करती है। जबकि जोन 3 व 4 में राजवीर एसोसिएट को यह टेंडर दिया गया था। राजवीर एसोसिएट को पिछले सप्ताह गाय पकड़ने के मामले में घोटाला करने के बाद हटा दिया गया है।

फिलहाल पूरे नगर निगम क्षेत्र में एक ही कंपनी के पास गाय पकड़ने का टेंडर है। नगर निगम अब सड़कों पर घूमते बेसहारा गोवंश के प्रति गंभीर दिख रहा है। नगर निगम के अधिकारियों की इस मसले को लेकर एक बैठक हुई, जिसमें सभी डेयरी संचालकों को चिन्हित करने का फैसला लिया गया। सड़कों पर घूमने वाले गोवंश से आमजन को दिक्कत हो रही है। यह बात भी सामने आई है कि यह गोवंश शहर में डेयरी चलाने वाले लोगों के हैं, जो गाय का दूध निकालने के बाद उसको चरने के लिए सड़क पर छोड़ देते हैं। यह सरासर गलत है। सड़क पर इनसे दुर्घटना होती रहती है। इन गायों को पकड़ने के लिए नगर निगम अधिकारियों का पूरा सहयोग किया जाएगा।

कुलदीप यादव, नगर निगम पार्षद, वार्ड-29 सभी सफाई निरीक्षकों की जिम्मेवारी गाय मालिकों को चिन्हित करने की तय कर दी गई है। अगले सप्ताह डेयरी संचालकों को बुलाकर गायों को खुला ना छोड़ने की चेतावनी दे दी जाएगी। अगर उसके बाद भी यह गायों को छोड़ने से बाज नहीं आएंगे तो इन पर कार्रवाई की जाएगी। सभी नगर निगम पार्षदों से भी इसमें सहयोग लिया जा रहा है। अगले सप्ताह से असर दिखने लगेगा।

हरिओम अत्री, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम

chat bot
आपका साथी