आक्सीजन आपूर्ति बहाली को लेकर दुविधा में उद्योग जगत

कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए केंद्र सरकार ने आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत गैर-चिकित्सीय क्षेत्र में आक्सीजन की आपूर्ति को प्रतिबंधित कर दिया था।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 21 Jun 2021 06:41 PM (IST) Updated:Mon, 21 Jun 2021 06:41 PM (IST)
आक्सीजन आपूर्ति बहाली को लेकर दुविधा में उद्योग जगत
आक्सीजन आपूर्ति बहाली को लेकर दुविधा में उद्योग जगत

यशलोक सिंह, गुरुग्राम

कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए केंद्र सरकार ने आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत गैर-चिकित्सीय क्षेत्र में आक्सीजन की आपूर्ति को प्रतिबंधित कर दिया था। संक्रमण के मामले में स्थिति में सुधार के बाद उद्योग जगत द्वारा आक्सीजन आपूर्ति की मांग की जा रही है। स्थानीय उद्यमियों का कहना है कि आक्सीजन की आपूर्ति को लेकर इस समय दुविधा की स्थिति है। अभी भी इसकी आपूर्ति पर प्रतिबंध बरकरार है या प्रतिबंध हटा लिया गया है, इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी उन्हें नहीं है।

बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयों के प्रबंधन को आक्सीजन की आपूर्ति के संबंध में आधिकारिक आदेश का इंतजार है। इसी वजह से उद्योग जगत में असमंजस की स्थिति है। गुरुग्राम चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष विकास जैन कहते हैं कि सरकारी स्तर पर कोविड-19 के प्रकोप के कारण आक्सीजन आपूर्ति उद्योगों के लिए रोक दी गई थी। इस प्रतिबंध की जानकारी चैंबर को भी दी गई थी। अब यह प्रतिबंध हटा है कि नहीं, इस संबंध में कोई सूचना अभी तक जारी नहीं की गई है। इससे उद्यमी परेशान हैं। माइक्रो, स्माल एंड मीडियम इंटरप्राइजेज (एमएसएमई) को दिक्कत आ रही है। प्रतिबंध की स्थिति स्पष्ट न होने से उद्यमी असमंजस में हैं।

उद्योगों को गैस आपूर्ति करने वाली कंपनी जीके इंडस्ट्रीज के सीईओ गुलशन पपरेजा का कहना है कि आपूर्ति अब शुरू हो चुकी है। जबकि, जीआइए अध्यक्ष जेएन मंगला कहते हैं कि आक्सीजन आपूर्ति मामले में स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए।

वर्जन

गैर-चिकित्सीय औद्योगिक इकाइयों की आक्सीजन आपूर्ति को सरकार द्वारा प्रतिबंधित किया गया था। अब यह प्रतिबंध हट गया है या नहीं, इसे लेकर दुविधा की स्थिति बनी हुई है। इस मामले में सरकारी स्तर पर ठोस जानकारी उद्यमियों को उपलब्ध करानी चाहिए।

-एसके आहूजा, महासचिव, गुड़गांव चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री

chat bot
आपका साथी