राष्ट्रीय सुरक्षा में हरियाणा का बहुमूल्य योगदान: बंडारू दत्तात्रेय

साइबर सिटी में रविवार को देश का 75वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ ताऊ देवीलाल खेल परिसर में मनाया गया। इस राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 15 Aug 2021 05:41 PM (IST) Updated:Sun, 15 Aug 2021 05:41 PM (IST)
राष्ट्रीय सुरक्षा में हरियाणा का बहुमूल्य योगदान: बंडारू दत्तात्रेय
राष्ट्रीय सुरक्षा में हरियाणा का बहुमूल्य योगदान: बंडारू दत्तात्रेय

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: साइबर सिटी में रविवार को देश का 75वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ ताऊ देवीलाल खेल परिसर में मनाया गया। इस राज्यस्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। समारोह स्थल पर पहुंचने से पहले राज्यपाल ने सिविल लाइन स्थित युद्ध स्मारक पर पुष्पचक्र चढ़ाकर आजादी एवं राष्ट्र रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान करने वाले जाने-अनजाने बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। राज्यपाल ने ध्वजारोहण के बाद प्रदेशवासियों के नाम अपना संदेश दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा में हरियाणा का बहुमूल्य योगदान है। उन्होंने प्रदेश के विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना की। कहा कि नई उद्योग नीति के माध्यम से पांच लाख नई नौकरियों के सृजन का लक्ष्य उत्साहित करने वाला है।

अमृत महोत्सव को इस वर्ष और ज्यादा उल्लास से मनाएं

राज्यपाल ने कहा कि हम सभी देश की आजादी के अमृत महोत्सव को इस वर्ष और ज्यादा हर्ष व उल्लास से मनाएं, ताकि हर देशवासी के मन में और अधिक राष्ट्र प्रेम की भावना का जागरण हो। इससे हमारे वीर बलिदानियों के सपने साकार होंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा में हरियाणा का बहुमूल्य योगदान है। इस प्रदेश ने प्रगति के हर क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। इससे पूरे राष्ट्र को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक मजबूती मिली है। आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर प्रदेश सरकार ने हरियाणा को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया है और इस दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश में कृषि क्षेत्र के विकास और किसानों के हित को ध्यान में रखते नई योजनाएं चलाई गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आज पर्याप्त बिजली उपलब्ध है। कृषि गतिविधियों को आर्थिक रूप से लाभप्रद बनाने के लिए किसानों को सस्ती दरों पर बिजली दी जा रही है। बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय, औद्योगिक उत्पादन, आटोमोबाइल उद्योग, विदेशी निवेश आकर्षित करने, शिक्षा, खेल, सेना, कृषि, परिवहन व पशुधन आदि क्षेत्रों में देश का अग्रणी राज्य है। प्रदेश को विभिन्न उत्पादों में आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से एमएसएमई के लिए नए विभाग का सृजन किया गया है। उद्योगों को बढ़ावा देने और निवेश को आकर्षित करने के लिए हरियाणा उद्यम एवं रोजगार नीति लागू की गई है। उन्होंने आपातकालीन स्थिति में मदद के लिए डायल 112 सेवा का भी उल्लेख किया। हाल ही में संपन्न टोक्यो ओलिपिक खेलों में प्रदेश के खिलाड़ियों के अभूतपूर्व प्रदर्शन का भी राज्यपाल ने अपने संबोधन में उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को आत्मनिर्भर बनाने का सपना संजोया है और उसे साकार करने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल व उनका मंत्रिमंडल लगातार प्रयासरत है।

प्रतिभागियों के लिए आज अवकाश रहेगा

राज्यपाल ने परेड में भाग लेने वाली टुकड़ियों का निरीक्षण किया। स्वतंत्रता दिवस संदेश के बाद उन्होंने भव्य परेड की सलामी ली। परेड का नेतृत्व प्रोबेशनर डीएसपी अभिलक्ष जोशी ने किया। राज्यपाल ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभागियों के लिए तीन लाख रुपये की राशि ईनाम स्वरूप देने की घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के प्रतिभागियों के लिए सोमवार का अवकाश भी घोषित किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कादीपुर के विद्यार्थी सिद्धार्थ ने स्वयं द्वारा बनाई गई राज्यपाल का स्केच उन्हें भेंट किया।

chat bot
आपका साथी