स्वतंत्रता सेनानी भवन परिसर में मनाया जाएगा गीता जयंती महोत्सव

साइबर सिटी में जिलास्तरीय गीता महोत्सव को भव्य रूप से मनाने को लेकर तैयारियां चल रही हैं। महोत्सव सिविल लाइन स्थित स्वतंत्रता सेनानी भवन परिसर में होगा। 12 दिसंबर को इसकी शुरुआत हो रही है और 14 दिसंबर को समापन होगा।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 07 Dec 2021 05:16 PM (IST) Updated:Tue, 07 Dec 2021 05:16 PM (IST)
स्वतंत्रता सेनानी भवन परिसर में मनाया जाएगा गीता जयंती महोत्सव
स्वतंत्रता सेनानी भवन परिसर में मनाया जाएगा गीता जयंती महोत्सव

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: साइबर सिटी में जिलास्तरीय गीता महोत्सव को भव्य रूप से मनाने को लेकर तैयारियां चल रही हैं। महोत्सव सिविल लाइन स्थित स्वतंत्रता सेनानी भवन परिसर में होगा। 12 दिसंबर को इसकी शुरुआत हो रही है और 14 दिसंबर को समापन होगा। इसे लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों और धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ प्रशासन की ओर से बैठक की जा चुकी है। इसके साथ ही छह से आठ दिसंबर तक जिले में स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए निर्धारित थीम पर प्रतियोगिताएं भी कराई जा रही हैं।

गुरुग्राम के अतिरिक्त उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डा. अमित अग्रवाल को वर्चुअल बैठक के दौरान यह जानकारी दी। डा. अमित ने गीता जयंती महोत्सव को लेकर चल रही तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया। कहा कि गुरुग्राम एक आइकन सिटी है। ऐसे में जिला प्रशासन से अपेक्षाएं भी अधिक हैं। उन्होंने अतिरिक्त उपायुक्त से कहा कि वे गीता जयंती महोत्सव का प्रभावी ढंग से प्रचार-प्रसार कराने के साथ-साथ जनमानस में चेतना लाने की दिशा में प्रयास करें। गीता के संदेश को लोगों के बीच प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि गीता एक अद्भुत सांस्कृतिक धरोहर है।

विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि गीता जयंती महोत्सव को आमजन से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। महोत्सव के तीन दिवसीय आयोजन के दौरान छह अलग-अलग प्रकार के कार्यक्रम होंगे। उच्चतर शिक्षण संस्थानों द्वारा इस दौरान गीता पर आधारित सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए निर्धारित थीम पर पेंटिग, भाषण तथा श्लोक उच्चारण प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।

आयोजन स्थल पर आजादी के अमृत महोत्सव पर केंद्रित विभिन्न विभागों द्वारा सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों पर प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी में 1857 की क्रांति के सेनानियों तथा गुमनाम नायकों पर आधारित स्टाल भी लगाया जाएगा। 14 दिसंबर को नगर शोभा यात्रा निकाली जाएगी। गुरुग्राम से इस बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा के अलावा नगराधीश सिद्धार्थ दहिया तथा सूचना, जनसंपर्क और भाषा विभाग के संयुक्त निदेशक एनसीआर रणबीर सिंह सांगवान ने भी शिरकत की।

chat bot
आपका साथी