गीता महोत्सव: केवल ज्ञान के लिए नहीं, जीवन में उतारने के लिए है गीता

गुरु द्रोणाचार्य की कर्मस्थली रहे गुरुग्राम में शुक्रवार से तीन दिन तक धर्म संस्कार और संस्कृति का समागम रहेगा ।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 06 Dec 2019 06:30 PM (IST) Updated:Fri, 06 Dec 2019 09:16 PM (IST)
गीता महोत्सव: केवल ज्ञान के लिए नहीं, जीवन में उतारने के लिए है गीता
गीता महोत्सव: केवल ज्ञान के लिए नहीं, जीवन में उतारने के लिए है गीता

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: गुरु द्रोणाचार्य की कर्मस्थली रहे गुरुग्राम में तीन दिन तक धर्म, संस्कार और संस्कृति का समागम रहेगा। यह समागम अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती पर जिला स्तरीय गीता महोत्सव-2019 में होगा। ढोल नगाड़ों के बीच शुक्रवार को सिविल लाइंस स्थित स्वतंत्रता सेनानी भवन में तीन दिवसीय गीता महोत्सव शुरू हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गुरुग्राम के विधायक सुधीर सिगला थे। कार्यक्रम में सोहना के विधायक संजय सिंह, बादशाहपुर के विधायक राकेश दौलताबाद और हरियाणा खादी ग्रामोद्योग की चेयरपर्सन गार्गी कक्कड़ भी उपस्थित थीं।

विधायकों व अन्य विशिष्ट अतिथियों ने महोत्सव में लगाई गई प्रत्येक स्टॉल पर जाकर उनके बारे में जानकारी प्राप्त की। समारोह स्थल पर प्रशासन के विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी में स्टॉल लगाई गई है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक सुधीर सिगला ने कहा कि गीता हमें जीवन जीने की कला सिखाती है। इस धार्मिक ग्रंथ के महत्व व इसमें निहित अच्छी शिक्षाओं को जन जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गीता महोत्सव का आयोजन किया गया है। हरियाणा गीता की जन्म स्थली है। कुरुक्षेत्र में भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को गीता का उपदेश दिया था, जिसमें जीवन का सार है। गीता के उपदेशों को जीवन में उतारे जाने की जरूरत है।

कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत अतिरिक्त उपायुक्त मो. इमरान रजा ने किया। अतिरिक्त उपायुक्त ने गीता महोत्सव में होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा की जानकारी दी। कार्यक्रम में सुनील चितकारा के निर्देशन में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित लाइट एंड साउंड की आकर्षक प्रस्तुति की गई। देबोप्रिया रानादवे, सुचिस्मिता आचार्य और देवाशीष आचार्य की ओर से बांसुरी वादन की प्रस्तुति की गई। कार्यक्रम में अवतारी कृष्ण दास और द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय से सेवानिवृत प्रो. जगदम्बे वर्मा ने गीता पर अपने विचार रखे।

इन विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल :

गीता महोत्सव में विभिन्न धार्मिक तथा सामाजिक संगठनों जैसे- इस्कॉन, जीओ गीता, गिव गीता, श्री माता शीतला देवी पूजा स्थल बोर्ड द्वारा स्टॉल लगाई गई। इसके अलावा, सरकार के विभिन्न विभागों, नगर निगम, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम, कृषि विभाग, आयुष विभाग, बागवानी विभाग, विभिन्न बैंक डीआरडीए, सरल, परिवार पहचान पत्र, रूडसेट, शिक्षा विभाग, गुरुजल परियोजना, स्वास्थ्य विभाग, अक्षय ऊर्जा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, अटल सेवा केन्द्र, बागवानी विभाग, क्षेत्रीय यातायात प्राधिकरण सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाई गई है। नगराधीश मनीषा शर्मा, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेन्द्र सारवान, राजेश गुप्ता, लोकेश शर्मा सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी