झाड़सा में अवैध रूप से रह रहे चार अफगानी गिरफ्तार

पासपोर्ट व वीजा की वैधता खत्म होने के बाद भी गांव झाड़सा इलाके में किराये पर रह रहे चार विदेशी नागरिकों को सीएम फ्लाइंग स्क्वाड की गुरुग्राम टीम ने रविवार दोपहर पकड़कर सदर थाना पुलिस के हवाले कर दिया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 25 Jul 2021 07:59 PM (IST) Updated:Sun, 25 Jul 2021 07:59 PM (IST)
झाड़सा में अवैध रूप से रह रहे चार अफगानी गिरफ्तार
झाड़सा में अवैध रूप से रह रहे चार अफगानी गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: पासपोर्ट व वीजा की वैधता खत्म होने के बाद भी गांव झाड़सा इलाके में किराये पर रह रहे चार विदेशी नागरिकों को सीएम फ्लाइंग स्क्वाड की गुरुग्राम टीम ने रविवार दोपहर पकड़कर सदर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। उनकी पहचान अफगानिस्तान के काबूल निवासी अब्दुल गफार नोरी, मोहम्मद शाबिर, ईमाल आरिया एवं मोहम्मद यासीन शहादत के रूप में की गई। सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

शनिवार शाम सीएम फ्लाइंग स्क्वाड की गुरुग्राम टीम को सूचना मिली थी कि गांव झाड़सा में चार विदेशी बिना वीजा व पासपोर्ट के रह रहे हैं। इसके बाद टीम रविवार को गांव झाड़सा निवासी पुनीत ठाकरान के मकान नंबर 1346 में पहुंची तो सूचना सही मिली। विदेशी नागरिकों से वीजा एवं पासपोर्ट दिखाने को कहा। सभी ने दिखाए लेकिन सभी की वैधता काफी पहले खत्म हो चुकी थी। जब मकान मालिक से पूछताछ की गई तो उसके पास भी विदेशी नागरिकों को किराये पर रखने के कागजात नहीं थे। नियमानुसार विदेशी नागरिकों को किराये पर रखने से पहले संबंधित थाना पुलिस को सूचना देना अनिवार्य है।

छानबीन के मुताबिक अब्दुल गफार नोरी के पासपोर्ट की वैधता एक सितंबर 2019 तक थी। वह 30 नवंबर 2016 से दो फरवरी 2017 तक मेडिकल वीजा पर था। मोहम्मद शाबिर के पासपोर्ट की वैधता 27 सितंबर 2019 तक थी। वह 22 नवंबर 2015 से 21 मई 2016 तक टूरिस्ट वीजा पर था। ईमाल आरिया के पासपोर्ट की वैधता 30 दिसंबर 2020 तक थी। वह 28 मार्च 2016 से 27 जून 2016 तक मेडिकल वीजा पर रह रहा था। मोहम्मद यासीन शहाद के पासपोर्ट की वैधता छह अक्टूबर 2010 तक थी। वह सात जनवरी 2016 से छह जुलाई 2016 तक टूरिस्ट वीजा पर था। इससे साफ है कि तीनों अवैध रूप से कई साल से रह रहे थे।

इस मामले ने एक बार फिर यह प्रमाणित कर दिया है कि बिना पासपोर्ट व वीजा के विदेशी नागरिक वर्षों से रह रहे थे लेकिन स्थानीय थाना पुलिस को भनक तक नहीं थी। बता दें कि स्वतंत्रता दिवस को ध्यान में रखकर बिना पासपोर्ट व वीजा के रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान का अभियान शुरू किया गया है। इनसे पहले भी पासपोर्ट व वीजा की वैधता खत्म होने के बाद भी शहर में रह रहे कई विदेशी नागरिक पकड़े गए हैं। छानबीन से साफ होगा कि पासपोर्ट व वीजा की वैधता खत्म होने के बाद विदेशी नागरिक किस उद्देश्य से रह रहे थे। इतने लंबे समय से कोई बिना विशेष उद्देश्य के नहीं रह सकता। मकान मालिक ने क्यों नहीं इस बारे में सूचना दी। छानबीन से पूरी जानकारी सामने आएगी।

- इंद्रजीत यादव, डीएसपी, सीएम फ्लाइंग स्क्वाड, गुरुग्राम

chat bot
आपका साथी