आए दिन बड़कली चौक पर लगता है जाम, परेशानी का नहीं हो रहा समाधान

मेवात की किसी भी राजनीतिक गतिविधि की शुरुआत यहीं से होती है लेकिन इस चौक की दशा और दिशा को यहां के नेता सुधारने में आज तक नाकाम रहे हैं। यहां हर रोज घंटे-घंटे भर जाम लगा रहता है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 22 Aug 2021 07:10 PM (IST) Updated:Sun, 22 Aug 2021 07:10 PM (IST)
आए दिन बड़कली चौक पर लगता है जाम, परेशानी का नहीं हो रहा समाधान
आए दिन बड़कली चौक पर लगता है जाम, परेशानी का नहीं हो रहा समाधान

शेरसिंह चांदोलिया, नगीना

बड़कली चौक पर हर रोज लगने वाले जाम से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है, जबकि यह चौक मेवात का राजनीतिक केंद्र भी कहा जाता है। मेवात की किसी भी राजनीतिक गतिविधि की शुरुआत यहीं से होती है, लेकिन इस चौक की दशा और दिशा को यहां के नेता सुधारने में आज तक नाकाम रहे हैं। यहां हर रोज घंटे-घंटे भर जाम लगा रहता है। कई बार तो पांच-छह घंटे जाम की स्थिति बनी रहती है। लेकिन ना तो जिला प्रशासन इस संबंध में कदम उठाता है ना ही पुलिस।

यहां यातायात पुलिस की चौकी तो जरूर है, लेकिन इसका कोई फायदा लोगों को नहीं है। जिला प्रशासन ने पूरे मन से यहां से अतिक्रमण नहीं हटाया है। यदि पूरे मन से अतिक्रमण हटाया होता तो यह स्थिति कतई नहीं बनती। जिला प्रशासन ने दर्जनों बार यहां से अतिक्रमण हटाया, लेकिन अतिक्रमण हटाने के दूसरे दिन ही लोग वही स्थिति दोबारा बना देते हैं। इसलिए जिला प्रशासन को ऐसे लोगों पर कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि दोबारा कोई व्यक्ति अतिक्रमण ना करे। रोडवेज बसों के अलावा एंबुलेंस भी जाम में कई बार घंटों फंसी रहती है, जो गंभीर स्थिति वाले मरीज के लिए जानलेवा साबित हो सकती है। विडंबना है कि रोजाना जाम लगने पर पुलिस भी चौक पर खड़ी होकर तमाशा देखती है। अतिक्रमण बना जाम का कारण:

यहां ज्यादातर रेहडि़यां व आटोरिक्शा ही जाम का कारण बनते हैं, क्योंकि रेहड़ियों (ठेला) को लोग सड़क पर कहीं भी खड़ा कर देते हैं। इसके अलावा आटोरिक्शा वाले भी मनमानी से चलते हैं। मनचाही जगह आटो रिक्शा खड़ा करने से भी सड़क पर जाम लग जाता है। इसलिए आटो रिक्शा के लिए अलग से स्टैंड बनाने की आवश्यकता है। सड़क घिरने से रोजमर्रा का सामान खरीदने आने वाले लोग भी अपने वाहन को सड़क पर ही खड़ा कर देते हैं। लोगों की मांग:

यहां पर एक बस क्यू शेल्टर होना अति आवश्यक है क्योंकि लोग सड़कों पर ही खड़ा होकर गाड़ियों का इंतजार करते हैं, जिसकी वजह से यहां पर कई बार हादसे भी हो चुके हैं। लोगों की मांग की है कि यहां पर बस क्यू शेल्टर बनाया जाए ताकि कुछ राहत मिल सके।

नहीं सुधरे तो जब्त होगा वाहन

यहां जाम का मुख्य कारण अतिक्रमण है। इसके अलावा लोग मनचाही जगह पर अपने वाहन को खड़ा करके सामान खरीदते हैं। इस संबंध में लोगों को बार-बार जागरूक भी किया जाता है। ऐसे कई लोगों के चालान किए गए हैं। जल्द ही इस संबंध में अभियान चलाया जाएगा जो भी व्यक्ति सड़क पर वाहन को खड़ा करेगा, उसका चालान के साथ-साथ वाहन जब्त होगा।

चांद सिंह, थाना प्रभारी यातायात थाना

chat bot
आपका साथी