किसानों के दिल्ली कूच को लेकर गुरुग्राम पुलिस अलर्ट

कृषि कानूनों के विरोध में भारतीय किसान यूनियन के बृहस्पतिवार के दिल्ली कूच को लेकर गुरुग्राम पुलिस अलर्ट मोड में है। सीमावर्ती इलाकों में ही नहीं बल्कि शहर से लेकर गांव तक के इलाके में नाके लगाए गए हैं।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 25 Nov 2020 06:51 PM (IST) Updated:Wed, 25 Nov 2020 06:51 PM (IST)
किसानों के दिल्ली कूच को लेकर गुरुग्राम पुलिस अलर्ट
किसानों के दिल्ली कूच को लेकर गुरुग्राम पुलिस अलर्ट

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: कृषि कानूनों के विरोध में भारतीय किसान यूनियन के बृहस्पतिवार के दिल्ली कूच को लेकर गुरुग्राम पुलिस अलर्ट मोड में है। सीमावर्ती इलाकों में ही नहीं बल्कि शहर से लेकर गांव तक के इलाके में नाके लगाए गए हैं। बुधवार शाम चार बजे से सभी नाकों पर पुलिसकर्मी तैनात हो गए। सिरहौल बार्डर पर स्वयं पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी) दीपक सहारण ने मोर्चा संभाल रखा है। सहायक पुलिस आयुक्त (क्राइम) प्रीतपाल को पचगांव चौक के नजदीक जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी तरह सभी सीमावर्ती इलाकों में लगाए गए नाकों पर सहायक पुलिस आयुक्त से लेकर पुलिस उपायुक्त स्तर के अधिकारी की जिम्मेदारी तय की गई है।

बताया जाता है कि हरियाणा के ही नहीं बल्कि राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश के काफी किसान गुरुग्राम के रास्ते दिल्ली कूच कर सकते हैं। कोरोना संकट को देखते हुए सरकार नहीं चाहती है कि भीड़भाड़ जुटे। इसे देखते हुए जगह-जगह किसानों को रोकने की तैयारी की गई है। लगभग 900 पुलिसकर्मी इस कार्य में लगाए गए हैं। रोटेशन के आधार पर सभी ड्यूटी करेंगे। जितने भी महत्वपूर्ण प्वाइंट हैं उन पर नजर रखने की जिम्मेदारी सहायक पुलिस आयुक्त से लेकर पुलिस उपायुक्त स्तर के अधिकारियों को पुलिस आयुक्त केके राव ने सौंपी है। उन्होंने सभी से यह भी कहा है कि कहीं भी ट्रैफिक का दबाव न बढ़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। ऐसा निर्देश उन्होंने कोरोना संकट को ध्यान में रखकर दिया है। ट्रैफिक का दबाव बढ़ने पर भीड़भाड़ बढ़ जाती है। भीड़भाड़ के दौरान कोरोना का संक्रमण तेजी से फैलने की आशंका रहती है।

जिले में कई स्थानों पर नाके लगाए गए हैं। गुरुग्राम के इलाके के किसान दिल्ली में कूच न करें, इसे ध्यान में रखकर नजर रखी जा रही है। विशेष रूप रूप से सभी बार्डर के नजदीक रखी जा रही है। बुधवार शाम चार बजे के बाद से सभी जगह पुलिसकर्मी अलर्ट हो गए हैं।

- सुभाष बोकन, पुलिस प्रवक्ता, गुरुग्राम सात स्थानों पर नाके लगा इन अधिकारियों को दी जिम्मेदारी

-कापड़ीवास बार्डर पर डीसीपी साउथ धीरज कुमार सेतिया को सुपरवाइजर लगाया गया है। इस स्थान पर ड्यूटी इंचार्ज एसीपी मानेसर हितेष यादव होंगे

-पंचगाव चौक पर भी सुपरवाइजरी अधिकारी धीरज कुमार सेतिया ही रहेंगे। यहां पर उनके साथ एसीपी क्राइम प्रीतपाल को ड्यूटी इंचार्ज लगाया गया है।

- सिरहौल-दिल्ली बार्डर पर डीसीपी वेस्ट दीपक सहारन को सुपरवाइजरी अधिकारी व एसीपी अशोक को ड्यूटी इंजार्च नियुक्त किया गया है।

- बारगुर्जर में डीसीपी मानेसर नितिका गहलोत को सुपरवाइजरी अधिकारी व एसीपी सदर अमन यादव को ड्यूटी इंचार्ज लगाया गया है।

- पंचगाव-मोहम्मदपुर अहीर रोड पर होटल वेस्टर्न कंट्री क्लब के निकट पड़ने वाले बार्डर पर सुपरवाइजरी अधिकारी डीसीपी मानेसर नितिका गहलोत को नियुक्त किया गया है और इनके साथ ड्यूटी इंचार्ज एसीपी ट्रफिक संजीव बल्हारा को लगाया गया है।

- केएमपी पर गुरुग्राम-नूंह बार्डर पर भी डीसीपी मानेसर नितिका गहलोत सुपरवाइजरी अधिकारी होंगी और एसीपी पटौदी वीर सिंह को ड्यूटी इंचार्ज लगाया गया है।

- सभी ड्यूटी स्थल पर आंसू गैस की दो-दो पार्टियां तैनात रहेंगी। बज्र वाहन, फायर ब्रिगेड, क्रेन व एंबुलेंस भी मौके पर मौजूद रहेंगी। तीन रिजर्व पुलिस बल एंटी रायट उपकरणाों के साथ रहेंगे। इसके अलावा दो रिजर्व पुलिस बल दंगा विरोधी उपकरणों के साथ तैयार रहेंगे। पुलिस उपायुक्त मानेसर को एक महिला रिजर्व पुलिस बल अलग से उपलब्ध कराई गई।

- सभी जगहों पर प्रशासन की तरफ से ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। वीडियो ग्राफी भी कराई जाएगी।

chat bot
आपका साथी