शहर में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान

पासपोर्ट व वीजा की वैधता खत्म होने के बाद भी गुरुग्राम के विभिन्न इलाकों में रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान सीएम फ्लाइंग स्क्वाड की गुरुग्राम टीम ने शुरू कर रखा है। जहां से जिस समय सूचना मिलती है वहां पर छापेमारी की जाती है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 29 Jul 2021 08:07 PM (IST) Updated:Thu, 29 Jul 2021 10:01 PM (IST)
शहर में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान
शहर में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: पासपोर्ट व वीजा की वैधता खत्म होने के बाद भी गुरुग्राम के विभिन्न इलाकों में रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान सीएम फ्लाइंग स्क्वाड की गुरुग्राम टीम ने शुरू कर रखा है। जहां से जिस समय सूचना मिलती है वहां पर छापेमारी की जाती है। बृहस्पतिवार को भी सदर थाना इलाके में अवैध रूप से रह रहे चार विदेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया है। उनके कागजात की जांच की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं किया गया था।

इसी महीने 25 जुलाई को गांव झाड़सा में किराये पर रह रहे चार अफगानी नागरिक अब्दुल गफार नोरी, मोहम्मद शाबिर, ईमाल आरिया एवं मोहम्मद यासीन शहादत को सीएम फ्लाइंग स्क्वाड की गुरुग्राम टीम ने गिरफ्तार किया था। चारों कई साल से पासपोर्ट व वीजा की वैधता खत्म होने के बाद भी रह रहे थे। सभी न्यायिक हिरासत में हैं। पूछताछ करने पर पता चला कि चारों अपने देश से आने वाले नागरिकों के लिए गाइडर का काम करने लगे थे। जिसे अस्पताल जाना होता था उसे अस्पताल के बारे में और जिसे होटल जाना होता था उसे होटल के बारे में गाइड करते थे।

चारों की गिरफ्तारी के बाद से अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। प्रतिदिन किसी न किसी इलाके में छानबीन की जा रही है। सीएम फ्लाइंग स्क्वाड की गुरुग्राम टीम के प्रभारी डीएसपी इंद्रजीत यादव का कहना है कि हर स्तर पर छानबीन के बाद ही अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिक को गिरफ्तार किया जाता है। गिरफ्तारी के साथ ही संबंधित दूतावास को जानकारी दी जाती है। वहां से भी गिरफ्तार किए गए नागरिकों के बारे में जानकारी हासिल की जाती है। इधर, सभी थाना पुलिस ने भी अपने स्तर पर अवैध रूप से विदेशी नागरिकों के बारे में जानकारी हासिल करनी शुरू कर दी है। पुलिस आयुक्त केके राव ने निर्देश दे रखा है कि जो भी अवैध रूप से रह रहे हैं, उनके बारे में पता लगाकर कार्रवाई करें।

chat bot
आपका साथी