भाजपा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह मनाया जश्न

गुड़गांव लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी राव इंद्रजीत सिंह ने जैसे ही अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के कैप्टन अजय सिंह यादव पर 50 हजार से अधिक मतों की बढ़त बनाई उसी समय से भाजपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाने का सिलसिला शुरू कर दिया।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 23 May 2019 06:42 PM (IST) Updated:Thu, 23 May 2019 06:42 PM (IST)
भाजपा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह मनाया जश्न
भाजपा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह मनाया जश्न

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम : गुड़गांव लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी राव इंद्रजीत सिंह ने जैसे ही अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के कैप्टन अजय सिंह यादव पर 50 हजार से अधिक मतों की बढ़त बनाई, उसी समय से भाजपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाने का सिलसिला शुरू कर दिया। शहर से लेकर गांव तक में पार्टी कार्यकर्ताओं और राव समर्थकों का उत्साह देखने लायक रहा। विभिन्न स्थानों पर इन कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांट अपनी खुशी का इजहार किया। कई स्थानों पर आतिशबाजी भी हुई। जैसे-जैसे भाजपा की लीड बढ़ती जा रही थी, उसी के अनुरूप कार्यकर्ताओं का उत्साह भी आसमानी होता गया। देखते ही देखते भारत माता की जय और नरेंद्र मोदी जिदाबाद के नारों से पूरा गुरुग्राम गुलजार हो गया।

दोपहर 12 बजे के बाद नजारा बदल गया। भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता ढोल व बैंड-बाजे की थाप पर जगह-जगह पर थिरकते नजर आए। वह एक-दूसरे को बधाई देने लगे। हरियाणा डेयरी विकास सहकारी प्रसंघ के चेयरमैन जीएल शर्मा के रेलवे रोड कार्यालय में खूब जश्न मना।

जीएल शर्मा की ओर से भाजपा की भारी जीत की खुशी में 2100 किलो लड्डुओं का बंदोबस्त किया गया था। उन्होंने कहा कि भाजपा की मजबूत लीडरशिप, कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और मतदाताओं के विश्वास से यह प्रचंड जीत मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के करिश्माई नेतृत्व का यह कमाल है।

नगाड़ों की थाप पर भाजपा आइटी सेल ने भी भाजपा की बड़ी जीत पर मिठाइयां बांट अपनी जीत की खुशी का इजहार किया। आइटी सेल ने अपने सेक्टर-38 स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में खूब जश्न मनाया। मतगणना में जैसे-जैसे भाजपा की सीटें बढ़ती रही, वैसे-वैसे कार्यालय पर कार्यकर्ताओं का तांता लगने लगा। प्रदेश की सभी सीटों पर बढ़त से कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया। आइटी सेल के प्रदेश संयोजक अरुण यादव, सहसंयोजक अरविद सैनी और श्याम यादव ने सभी को बधाई दी।

भाजपा जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में जिला भाजपा कार्यालय पर भाजपा बड़ी जीत का पार्टी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। इस मौके पर भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण चंद्रा वशिष्ठ मौजूद रहे। वहीं, सेक्टर-14 में भाजपा के वरिष्ठ नेता कुलभूषण भारद्वाज के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी जश्न मनाया।

इसके अलावा भाजपा कार्यकर्ताओं ने न्यू कॉलोनी, सदर बाजार, रेलवे स्टेशन, सोहना रोड, गुड़गांव विधानसभा क्षेत्र से विधायक उमेश अग्रवाल के कार्यालय, डीएलएफ और बादशाहपुर सहित अन्य क्षेत्रों में सड़कों पर खूब जश्न मना।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी