बामड़ौली गांव होगा नगर निगम का हिस्सा

गांव बामड़ौली अब नगर निगम मानेसर का हिस्सा होगा। गांव को निगम में शामिल कर लिया गया है। गांव बामड़ौली का नाम निगम में शामिल होने वाली सूची में नहीं था लेकिन नक्शे में गांव को निगम में दिखाया गया था।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 10 Jan 2021 07:26 PM (IST) Updated:Sun, 10 Jan 2021 07:26 PM (IST)
बामड़ौली गांव होगा नगर निगम का हिस्सा
बामड़ौली गांव होगा नगर निगम का हिस्सा

जागरण संवाददाता, मानेसर (गुरुग्राम): गांव बामड़ौली अब नगर निगम मानेसर का हिस्सा होगा। गांव को निगम में शामिल कर लिया गया है। गांव बामड़ौली का नाम निगम में शामिल होने वाली सूची में नहीं था, लेकिन नक्शे में गांव को निगम में दिखाया गया था। अब इस गांव को निगम में शामिल किया जा चुका है। यह जानकारी ग्रामीणों को मानेसर निगमायुक्त विनय प्रताप सिंह ग्रामीणों को दी।

रविवार को आइएमटी मानेसर स्थित एचएसआइआइडीसी आडिटोरियम में नगर निगम मानेसर के अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की बैठक में निगमायुक्त ने सभी जनप्रतिनिधियों से समस्याएं पूछीं और जल्द ही इन पर कार्य करने का आश्वासन दिया। बैठक में विधायक सत्यप्रकाश जरावता ने कहा कि नगर निगम मानेसर ने कार्य शुरू कर दिया है। अब क्षेत्र का विकास नगर निगम के द्वारा किया जाएगा।

सभी जनप्रतिनिधियों से विधायक ने कहा कि अपने क्षेत्र की समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखें। अधिकारी उनका समाधान करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा। इस दौरान विधायक राकेश दौलताबाद ने कहा कि हम क्षेत्र को विकसित करने के लिए भरपूर प्रयास करेंगे। नगर निगम मानेसर को देश का सबसे सुंदर निगम बनाने के लिए प्रयास किया जाएगा।

बैठक में नगर निगम मानेसर द्वारा बनाए गए जोन के लोगों की समस्याएं सुनी गई। सभी जोन से अलग-अलग लोगों ने अपने क्षेत्र की समस्याएं रखीं। गांव नौरंगपुर के सरपंच प्रदीप यादव ने गांवों के लाल डोरे के अंदर रहने वाले लोगों को टैक्स फ्री रखने की मांग की। सेक्टर रोड, नौरंगपुर से हाईवे तक सड़क पर लाइट लगाने की मांग की। सुंदरलाल यादव ने सेक्टर 83 और 84 को मानेसर नगर निगम में शामिल करने की मांग की। इस पर निगमायुक्त ने कहा कि इन सेक्टरों का विकास मानेसर नगर निगम से ही कराया जाएगा।

गांव मानेसर निवासी नीरज यादव ने कहा कि लोगों को टैक्स फ्री निगम दिया जाना चाहिए। इससे लोगों पर भारी टैक्स नहीं पड़ेगा। इस बैठक में अन्य लोगों ने भी अपने क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं के बारे में बताया। आइएमटी इंडस्ट्रियल एसोसिएशन की तरफ से कहा गया कि मानेसर औद्योगिक क्षेत्र पूरे प्रदेश में सबसे सुंदर क्षेत्र है। इसके साथ ही इसका रखरखाव भी बेहतरीन तरीके से किया गया है। नगर निगम में जाने के बाद इस तरफ ध्यान दिया जाना चाहिए और जिस प्रकार अब सबसे सुंदर क्षेत्र है वैसे ही निगम द्वारा भी रखा जाना चाहिए। बैठक में पवन यादव, मनोज त्यागी, शशि यादव, सुनील पंवार, वीरेंद्र यादव जिला पार्षद, देवेंद्र यादव शिकोहपुर, हरजस सरपंच, लक्ष्मण सरपंच, ओमप्रकाश यादव पूर्व सरपंच, दयाराम चेयरमैन, सतीश डाबौधा, सभी 29 गांवों के सरपंच, स्थानीय अधिकारी और मौजिज लोग मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी