पीजी मालिक ने भीड़ लेकर दुकानदार पर किया हमला
नोबल एन्क्लेव में किराये पर रहने वाले मनोज कुमार की पालम विहार इलाके में ही संसार मेडिकल स्टोर नाम से दुकान है।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: नोबल एन्क्लेव में किराये पर रहने वाले मनोज कुमार की पालम विहार इलाके में ही संसार मेडिकल स्टोर नाम से दुकान है। 23 जुलाई को दोपहर तीन बजे नजदीक ही सुनील कुमार के पीजी में किराये पर रहने वाला मोहित दवा लेने पहुंचा था। पैसे मांगने पर दोनों में कहासुनी हो गई थी।
रात में लगभग 10 बजे पीजी मालिक सुनील एवं जानकार संजय यादव फौजी सहित 10-15 युवकों के साथ पहुंचा। उनके हाथ में लाठी, सरिया एवं तलवार थे। आते ही सुनील कुमार ने मनोज कुमार से कहा कि मेरे किरायेदार से पैसे मांगने की हिम्मत कैसे हुई। इसके बाद सभी ने हमला कर दिया। सुनील ने तलवार से मनोज के सिर पर हमला किया। शोर सुनकर मनोज के बेटे शुभम पहुंचे तो उनके ऊपर भी हमला किया। आसपास के लोगों के जुटने पर अगली बार गोली से जान मारने की धमकी देते हुए सभी चले गए।
नोबल एन्क्लेव में ही रहने वाले प्रिस ने मनोज एवं शुभम को नजदीक अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद बुधवार शाम पालम विहार थाने में शिकायत दी गई। इसके आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी संजय कुमार का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी।