टोल देकर भी चलना पड़ रहा जर्जर सर्विस लेन पर

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर गुरुग्राम से मानेसर की ओर जाने वाले रास्ते की सर्विस लेन जर्जर हाल में है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 06 Apr 2021 04:00 PM (IST) Updated:Tue, 06 Apr 2021 04:00 PM (IST)
टोल देकर भी चलना पड़ रहा जर्जर सर्विस लेन पर
टोल देकर भी चलना पड़ रहा जर्जर सर्विस लेन पर

जागरण संवाददाता, मानेसर: दिल्ली-जयपुर हाईवे पर गुरुग्राम से मानेसर की ओर जाने पर वाहन चालकों को खेड़की दौला टोल प्लाजा पर टोल देना पड़ता है। इस टोल प्लाजा से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) को रोजाना करीब 40 लाख रुपये टोल टैक्स मिलता है। इसके बाद भी सर्विस लेन जर्जर है। होंडा चौक से खेड़की दौला तक दोनों ओर की सर्विस लेन वाहनों के चलने लायक नहीं। टोल प्लाजा से आगे रामपुरा मोड़ फ्लाईओवर तक सर्विस लेन पर गंदा पानी भरा रहता है। पानी भरने से गहरे गड्ढे हो गए हैं। आए दिन वाहन पलट जाते हैं। कई बार जाम भी लग जाता है। स्थानीय लोगों की तरफ से इस बारे में कई बार शिकायत भी दी गई है, लेकिन कुछ नहीं हुआ।

गांव रामपुरा के सरपंच हरजस यादव ने बताया कि गांव के गंदे पानी की निकासी के लिए पाइप लाइन डाली गई है लेकिन यह लाइन अब लीक हो रही है। इसके कारण रामपुरा मोड़ स्थित सर्विस लेन पर गंदा पानी जमा हो गया है। गांव रामपुरा निवासी वेद प्रकाश यादव ने बताया कि यहां सर्विस लेन पहले ही खस्ताहाल में है। अब यहां गंदा पानी जमा होने से निकलने में काफी परेशानी हो रही है। इसके कारण गांव सिकंदरपुर, बढा, रामपुरा, नखड़ौला और नौरंगपुर के लोगों को परेशानी हो रही है।

मैप्सको कासाबेला सोसायटी आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष धर्मवीर सिंह ने बताया कि रामपुरा मोड़ से नए गुरुग्राम के सेक्टरों में रोजाना काफी लोग जाते हैं। यहां गंदा पानी जमा होने से काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। सोसायटी में रहने वाले लोग यहां से रोजाना गुजरते हैं। यहां काफी समय से गंदा पानी जमा रहता है लेकिन अब कुछ दिनों से काफी परेशानी हो रही है।

chat bot
आपका साथी