सरकार के खिलाफ नगरपरिषद कर्मचारियों ने की भूख हड़ताल
जागरण संवाददाता फतेहाबाद निकाय मंत्री अनिल विज द्वारा समझौता लागू न करने के विरोध में न
जागरण संवाददाता, फतेहाबाद :
निकाय मंत्री अनिल विज द्वारा समझौता लागू न करने के विरोध में नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा शाखा फतेहाबाद के आह्वान पर नगरपरिषद कर्मचारियों ने 24 घंटे की भूख हड़ताल की। भूख हड़ताल की अध्यक्षता प्रधान राजा राम ने तथा संचालन सतबीर सिंह सहारण ने किया। भूख हड़ताल पर राजा राम, सतबीर सहारण, पंकज, किरण बाला, शंकुतला, सुलोचना, राजो, ओमप्रकाश लोट, मोनू सरबटा, मोनू सीलेलाल, पवन चिडालिया आदि बैठे। भूख हड़ताल पर 11 कर्मचारी बैठे जिन्हें ब्लाक प्रधान राजपाल मिताथल व सचिव इंद्र सिंह घासी ने माला पहनाकर बैठाया। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए मित्ताथल ने कहा कि नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रतिनिधि मण्डल की पंचकूला शहरी स्थानीय निकाय विभाग हरियाणा के महानिदेशक के साथ बातचीत हुई। 25 अप्रैल व 17 अगस्त को निकाय मंत्री अनिल विज के साथ समझौता हुआ था। इसमें कहा गया था कि सभी कर्मचारियों को जोखिम भत्ता 4 हजार रुपये देने व कोरोना से कर्मचारी की मृत्यु होने पर 10 लाख रुपये की राशि को बढ़ाकर 50 लाख रुपये देने की फाइल मुख्यमंत्री की टेबल पर है, जिसे जल्द अपू्र्व कर दिया जाएगा। लेकिन आज तक ऐसा कुछ नहीं हुआ।
जिला प्रधान राजा राम व सतबीर सहारण ने कहा कि यदि अब भी सरकार ने समझौते को लागू नहीं किया और कर्मचारियों की मांगों को नहीं माना तो 8 नवंबर को अंबाला में शहरी निकाय मंत्री अनिल विज का घेराव किया जाएगा।