सेना में भर्ती करवाने के नाम पर चार लाख की ठगी, मामला दर्ज

सेना में भर्ती करवाने के नाम पर युवक से करीब चार लाख रुपये की धोखाधडी कर ली गई। पुलिस ने इस संबंध में सात लोगों पर मामला दर्ज किया है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 29 Jul 2021 07:50 AM (IST) Updated:Thu, 29 Jul 2021 07:50 AM (IST)
सेना में भर्ती करवाने के नाम पर चार लाख की ठगी, मामला दर्ज
सेना में भर्ती करवाने के नाम पर चार लाख की ठगी, मामला दर्ज

संवाद सूत्र, रतिया(फतेहाबाद) : सेना में भर्ती करवाने के नाम पर करीब चार लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। अब सदर थाना पुलिस ने गांव बलियाला के जगसीर सिंह की शिकायत पर सात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। स्थानीय पुलिस ने जिला पुलिस कप्तान के आदेश पर गांव जल्लोपुर के गुरमंगत सिंह, प्रदीप कुमार उर्फ बब्बू व कैप्टन मंगल सिंह के अलावा जग्गा सिंह निवासी मिराना, जितेंद्र निवासी वार्ड नंबर 14 रतिया, जीत सिंह व रितु के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी गुरमंगत सिंह के साथ जान पहचान हो गई थी और उसने ही कैप्टन मंगल सिंह से आगे जान पहचान करवा दी। आरोप लगाते हुए बताया कि इन लोगों ने फौज में भर्ती करवाने का लालच दिया और सात लाख रुपये खर्चा आने की बात कही। शिकायतकर्ता द्वारा इतनी राशि देने से मना करने के बावजूद भी गुरमंगत सिंह ने पैसों की पूरी तसल्ली ली तथा कुछ दिन बाद खुद का एक फोटो फौजी कपड़ों में उसके पास भेज दिया। संबंधित फोटो भेजने के पश्चात गुरमंगत ने बताया कि उसकी भी फौज में सेलेक्शन हो गई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि इसके बाद दो लाख रुपये गुरमंगत सिंह ने अपने भाई प्रदीप कुमार के खाते में ट्रांसफर करवा लिए तथा दो लाख रुपये गुरमंगत सिंह का भाई कैप्टन मंगल सिंह व जग्गा सिंह घर आकर ले गए। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उपरोक्त चार लाख रुपयों की राशि लेने के बावजूद भी उसके भतीजे की कोई सेलेक्शन नहीं हुआ है। आरोप लगाया कि इन लोगों ने कंप्यूटर के माध्यम से जनरेटर गेट पास व ज्वाइनिग लेटर झूठा दे दिया, जो कि बिल्कुल असली लगता था। उन्होंने कहा कि उपरोक्त ज्वाइनिग लेटर देने के पश्चात उसके भतीजे को आगरा ले जाकर 10 दिन तक रखा और वापस भेज दिया। इस अंतराल में भी इन लोगों ने उसके भतीजे विक्की सिंह से तीन लाख रुपयों के दो चेक ले लिए थे, लेकिन फिर भी अभी तक कोई ज्वाइनिग नहीं करवाई गई। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इन लोगों में आपसी सांठ-गांठ करके उससे चार लाख रुपये धोखाधड़ी से ऐंठ लिए हैं। पुलिस ने उपरोक्त शिकायत पर संबंधित नामित लोगों के खिलाफ धारा 120 बी, 420, 467,468,471 व 171 के तहत मामला दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी है।

chat bot
आपका साथी