जागृति यात्रा साइकिल रैली का फतेहाबाद में हुआ भव्य स्वागत

प्रदेश में महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण के बारे में लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से हरियाणा पुलिस द्वारा एसीपी ममता सौदा के नेतृत्व में शुरू की गई साइकिल रैली जागृति यात्रा का सोमवार को फतेहाबाद जिले में प्रवेश करने पर सिरसा बार्डर पर ढोल नगांड़ों के साथ स्वागत किया गया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 06 Dec 2021 05:31 PM (IST) Updated:Mon, 06 Dec 2021 05:31 PM (IST)
जागृति यात्रा साइकिल रैली का फतेहाबाद में हुआ भव्य स्वागत
जागृति यात्रा साइकिल रैली का फतेहाबाद में हुआ भव्य स्वागत

जागरण संवाददाता, फतेहाबाद : प्रदेश में महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण के बारे में लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से हरियाणा पुलिस द्वारा एसीपी ममता सौदा के नेतृत्व में शुरू की गई साइकिल रैली जागृति यात्रा का सोमवार को फतेहाबाद जिले में प्रवेश करने पर सिरसा बार्डर पर ढोल नगांड़ों के साथ स्वागत किया गया। डीएसपी गीतिका जाखड़, डीएसपी डा. कविता, एसएचओ महिला थाना अरुणा व यातायात प्रभारी अनूप ने सिरसा बार्डर पर निरीक्षक माया व यात्रा में शामिल महिला पुलिस कर्मचारियों का फूलमालाओं के स्वागत किया। इसके बाद यह जागृति यात्रा फतेहाबाद शहर से होते हुए हिसार रोड पुलिस लाइन स्थित डीएवी पुलिस स्कूल में पहुंची। स्कूल प्राचार्य अरुण शर्मा ने यात्रा का स्वागत किया। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति पर आधारित शानदार प्रस्तुतियां दी गई।

इंस्पेक्टर माया ने उपस्थित महिलाओं, छात्राओं, बच्चों को उनकी सुरक्षा के प्रति अधिक जागरूक होने का महत्व समझाया। इसके साथ-साथ उन्होंने उनके अधिकारों, कर्तव्यों व हरियाणा पुलिस की महिला सुरक्षा को लेकर चलाई जा रही सेवाओं जैसे दुर्गा शक्ति मोबाइल एप, महिला हेल्पलाइन नंबर 1091, आपातकालीन 112, बाल सहायता 1098, सीडब्लूसी की महत्वता के बारे में तथा साथ ही प्रत्येक जिले में महिला पुलिस थानों के बारे में भी अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि जागृति यात्रा के माध्यम से ग्रामीण आंचल में रहने वाली महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में जागरूक करते हुए हरियाणा पुलिस की सेवाओं के बारे में जानकारी देना है। यह यात्रा प्रदेशभर में करीब 1200 किलोमीटर का सफर तय करेगी और 10 दिसम्बर को यात्रा का पंचकूला में समापन होगा। डीएसपी गीतिका जाखड़ ने यात्रा का स्वागत करते हुए कहा कि इस जागृति यात्रा को शुरू करने का हरियाणा पुलिस का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को, विशेष रूप से महिलाओं एवं लड़कियों को उनके अधिकारों के बारे में जागरूक करना है। इसके माध्यम से हम उन्हें पुलिस सहित अलग-अलग एजेंसियों की भूमिका के बारे में शिक्षित भी करेंगे ताकि वे सही जगह पर अपराध की शिकायत कर सकें व महिला विरुद्ध अपराध पर रोक लग सकें। विद्यालय के प्रधानाचार्य अरुण शर्मा ने जागृति रैली का विद्यालय में पहुंचने पर धन्यवाद करते हुए उपस्थित जनसमूह को आधुनिक समाज में नारी के प्रति संकुचित सोच को त्यागकर लड़कियों को शिक्षा व खेल सहित अन्य सभी क्षेत्रों में विशेष अवसर उपलब्ध करवाने पर जोर देने की बात कहीं। इस अवसर पर महिला पुलिस साइकिल चालक टीम ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं व संपूर्ण स्टाफ के साथ मिलकर सामूहिक डांस किया जोकि आकर्षण का केंद्र रहा। इस अवसर पर डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल स्टाफ सदस्य, महिलाएं एवं अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी