विकास का गुर्गा प्रभात गिरफ्तार, यूपी पुलिस की दो पिस्टल बरामद

कानपुर के गांव बिकरू में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के मास्टरमाइंड कुख्यात विकास दुबे के गुर्गे कार्तिकेय उर्फ प्रभात को फरीदाबाद क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। विकास दुबे यहां प्रभात के साथ ग्रेटर फरीदाबाद के हरी नगर में अपने रिश्तेदार अंकुर के घर ठहरा था। अंकुर व उसके पिता श्रवण को भी गिरफ्तार किया है। विकास दुबे छापेमारी से कुछ देर पहले ही निकलने के कारण पुलिस के हाथ से फिसल गया।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 08 Jul 2020 06:48 PM (IST) Updated:Wed, 08 Jul 2020 06:48 PM (IST)
विकास का गुर्गा प्रभात गिरफ्तार, 
यूपी पुलिस की दो पिस्टल बरामद
विकास का गुर्गा प्रभात गिरफ्तार, यूपी पुलिस की दो पिस्टल बरामद

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : कानपुर के गांव बिकरू में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के मास्टरमाइंड कुख्यात विकास दुबे के गुर्गे कार्तिकेय उर्फ प्रभात को फरीदाबाद क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। विकास दुबे यहां प्रभात के साथ ग्रेटर फरीदाबाद के हरी नगर में अपने रिश्तेदार अंकुर के घर ठहरा था। अंकुर व उसके पिता श्रवण को भी गिरफ्तार किया है। विकास दुबे छापेमारी से कुछ देर पहले ही निकलने के कारण पुलिस के हाथ से फिसल गया। प्रभात के कब्जे से दो पिस्टल, दो तमंचे व 44 कारतूस बरामद हुए हैं। दोनों पिस्टल बिकरू गांव कांड के दौरान यूपी के पुलिसकर्मियों से लूटी थीं।

प्रभात के खिलाफ खेड़ी पुल थाने में हत्या का प्रयास, शस्त्र अधिनियम व लूट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है। अंकुर व श्रवण को अपराधियों को शरण देने के आरोप में नामजद किया है। बुधवार शाम 3 बजे तीनों को अदालत में पेश किया। अदालत में यूपी पुलिस व एसटीएफ के अधिकारी भी मौजूद थे। उन्होंने प्रभात का 24 घंटे की ट्रांजिट रिमांड मांगी, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया। यूपी पुलिस प्रभात को लेकर रवाना हो गई। उसे वहां अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा। वहीं अंकुर और श्रवण को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

खेड़ी पुल थाना प्रभारी योगवेंद्र सिंह के मुताबिक विकास दुबे के हरी नगर में छिपे होने की सूचना पर छापेमारी की गई थी। छापेमारी के दौरान प्रभात ने पुलिस पर गोली चलाई इसलिए हत्या के प्रयास की धारा लगाई गई। पिस्टल यूपी पुलिस से लूटने के कारण लूट, तमंचे व कारतूस बरामद होने के कारण शस्त्र अधिनियम की धाराएं लगाई गईं हैं।

chat bot
आपका साथी