नगर निगम के सफाई कर्मी की संदिग्ध हालत में मौत

गांव जसाना निवासी 53 वर्षीय नगर निगम सफाईकर्मी की शुक्रवार को संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मृतक का नाम नरेंद्र नागर है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 13 Dec 2019 07:24 PM (IST) Updated:Sat, 14 Dec 2019 06:18 AM (IST)
नगर निगम के सफाई कर्मी 
की संदिग्ध हालत में मौत
नगर निगम के सफाई कर्मी की संदिग्ध हालत में मौत

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : गांव जसाना निवासी 53 वर्षीय नगर निगम सफाईकर्मी की शुक्रवार को संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मृतक का नाम नरेंद्र नागर है। वे सुबह 6 बजे घर से ड्यूटी जाने के लिए निकले थे। दोपहर को एक राहगीर ने खेड़ी पुल थाना क्षेत्र में उनका शव अम्मा अस्पताल के पास सड़क किनारे पड़े देखा था। इसके बाद पुलिस को सूचित किया। उनके सिर व आंख के पास चोट के निशान हैं। परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम से मौत का कारण स्पष्ट होगा।

जसाना निवासी हरीश ने बताया कि पिता नरेंद्र नगर निगम के ओल्ड फरीदाबाद स्थित कार्यालय में कार्यरत थे। वे रोजाना पैदल घर से निकलते थे। इसके बाद ऑटो या बस से अपने कार्यालय तक पहुंचते थे। शुक्रवार सुबह भी वे ड्यूटी के लिए निकले थे। दोपहर में उन्हें पुलिस से उनकी मौत की जानकारी मिली। हरीश ने बताया कि पिता पर्स रखते थे, जिसमें रुपये व उनके कागजात होते थे। उनके पास पर्स नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि पिता अम्मा अस्पताल वाले रास्ते से कभी नहीं गए। इससे उन्हें आशंका है कि लूट के लिए उनकी हत्या की गई है। हरीश ने बताया है कि गांव के ही एक युवक ने कुछ दिन पहले उनके पिता को धमकी दी थी। खेड़ी पुल थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी