ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालक को रुकने का किया इशारा तो दो होमगार्डों पर चढ़ा दी कार, 60 मीटर तक खींचा फिर गिराया

यातायात पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया था मगर उसने कार रोकने की बजाय यह वारदात कर डाली। कार के नंबर के आधार पर सेक्टर-16 चौकी पुलिस ने आरोपित चालक को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान सेक्टर-16 निवासी 27 वर्षीय मोक्ष के रूप में हुई है।

By Vinay Kumar TiwariEdited By: Publish:Thu, 23 Sep 2021 01:41 PM (IST) Updated:Thu, 23 Sep 2021 01:41 PM (IST)
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालक को रुकने का किया इशारा तो दो होमगार्डों पर चढ़ा दी कार, 60 मीटर तक खींचा फिर गिराया
यातायात पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया था, मगर उसने कार रोकने की बजाय यह वारदात कर डाली।

फरीदाबाद, जागरण संवाददाता। ओल्ड फरीदाबाद चौक के पास एक चालक ने यातायात पुलिस के दो होमगार्ड को बोनट पर गिराकर करीब 60 मीटर तक कार दौड़ा दी। इसके बाद कार आगे-पीछे कर दोनों को नीचे गिरा दिया और कार लेकर फरार हो गया। दोनों होमगार्ड को गुम चोट लगी है। यातायात पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया था, मगर उसने कार रोकने की बजाय यह वारदात कर डाली। कार के नंबर के आधार पर सेक्टर-16 चौकी पुलिस ने आरोपित चालक को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान सेक्टर-16 निवासी 27 वर्षीय मोक्ष के रूप में हुई है। आरोपित की सियाज कार भी बरामद कर ली है।

यातायात जोनल आफिसर एसआइ जयभगवान ने बताया कि वे ओल्ड फरीदाबाद चौक के पास यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान कर रहे थे। होमगार्ड अश्वनी और जितेंद्र भी उनके साथ थे। एसआइ जयभगवान ने दिल्ली की तरफ से आई कार के चालक ने सीट बेल्ट नहीं लगाई हुई थी। उन्होंने चालक को रुकने का इशारा किया। चालक ने रुकने की बजाय कार की गति बढ़ा दी। साथ ही चिल्लाकर चेतावनी दी कि रोकने की कोशिश मत करना। होमगार्ड अश्वनी और जितेंद्र ने कार रोकने की कोशिश की, मगर चालक ने कार उनकी तरफ बढ़ा की। इससे दोनों कार के बोनट पर गिर पड़े।

दोनों होमगार्ड ने कार के वाइपर पकड़कर खुद को गिरने से बचाया। चालक ने भी कार दौड़ा दी। करीब 60 मीटर दूर, कार आगे पीछे कर दोनों होमगार्ड को नीचे गिराया और कार लेकर फरार हो गया। एसआइ जयभगवान ने कार का नंबर नोट कर सेक्टर-16 चौकी पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी। जांच में पता चला कि कार सेक्टर-16 निवासी मोक्ष की है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के पिता गुड़गांव ग्रामीण बैंक गुरुग्राम में बैंक प्रबंधक हैं। पुलिस ने आरोपित को अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे जेल भेज दिया है।

chat bot
आपका साथी