फरीदाबाद के युवाओं को सलाम : अपने हुए दूर तब दाह-संस्कार के लिए आगे आई युवाओं की टोली

चार युवाओं की टोली और सामाजिक संस्था मिशन जागृति के सेवादारों की सेवाएं सराहनीय हैं। सिख युवाओं की टोली ने मोबाइल नंबर 9718361984 भी जारी किया है। अगर किसी को एंबुलेंस सेवा की जरूरत हो या दाह संस्कार की तो वह इस नंबर पर संपर्क कर सकता है।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Wed, 05 May 2021 07:43 PM (IST) Updated:Wed, 05 May 2021 07:43 PM (IST)
फरीदाबाद के युवाओं को सलाम : अपने हुए दूर तब दाह-संस्कार के लिए आगे आई युवाओं की टोली
दाह संस्कार के लिए जाते हुए युवक। फाेटो जागरण।

फरीदाबाद [अनिल बेताब]। कोरोना से मौत होने पर दाह-संस्कार के समय परिवार के सदस्य भले ही दूर रहें, लेकिन शहर के कई युवा इस काम में आगे आ रहे हैं। घर या अस्पताल से मृतक के शव को स्वर्ग आश्रम तक दाह-संस्कार के लिए लाते हैं। पांच नंबर के चार युवाओं की टोली और सामाजिक संस्था मिशन जागृति के सेवादारों की सेवाएं सराहनीय हैं। ये सेवादार अज्ञात तथा लावारिस हालत में मिले शवों का संस्कार भी कर रहे हैं। जरूरत पड़ने पर निश्शुल्क एंबुलेंस सेवा भी दे रहे हैं। 

इंजीनियर भी आगे हैं सेवा मेंपांच नंबर, फ्रूट गार्डन निवासी जसविंद्र सिंह पेशे से सिविल इंजीनियर हैं।

नवजोत सिंह फोटोग्राफर, जसमीत सिंह दवा कंपनी तथा जसनीत सिंह गारमेंट कंपनी में प्रबंधक है। सेवा भावना से इन्होंने हाल ही में दाह-संस्कार की सेवा शुरू की है। नवजोत सिंह कहते हैं कि उन्होंने अपनी टीम का मोबाइल फोन नंबर भी सार्वजनिक किया है। अगर किसी परिवार या अस्पताल से दाह-संस्कार के लिए शव को स्वर्ग आश्रम तक लाना है, तो वह एंबुलेंस सेवा भी देते हैं।

सिविल इंजीनियर जसविंद्र सिंह कहते हैं कि कोरोना संकट के दौर में उनकी टीम ने अब तक 39 दाह संस्कार किए हैं। अपने और परिवार को कोरोना संकट से बचाए रखने को डाक्टर की सलाह भी लेते हैं। प्रतिदिन हल्दी वाला दूध पीते हैं, ताकि रोगों से लड़ने की क्षमता बनी रहे। जसमीत सिंह का कहना है कि एंबुलेंस सेवा के काम में मार्केट नंबर एक गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा का भी सहयोग मिल रहा है। 

टोली ने जारी किया मोबाइल नंबर 

सिख युवाओं की टोली ने मोबाइल नंबर 9718361984 भी जारी किया है। अगर किसी को एंबुलेंस सेवा की जरूरत हो या दाह संस्कार की, तो वह इस नंबर पर संपर्क कर सकता है। 

मिशन जागृति भी कर रही सेवा 

मिशन जागृति के सेवादारों ने अब तक सात शवों का दाह संस्कार किया गया। संस्था के जिलाध्यक्ष विवेक गौतम व संयोजक प्रवेश मलिक ने बताया कि उनके पास सेक्टर-11 से एक साथी पंकज का फोन आया था कि बादशाह खान नागरिक अस्पताल में दो अज्ञात शव हैं, जिनका दाह-संस्कार किया जाना है। उनकी टीम ने पुलिस के साथ मिलकर दो शवों का दाह संस्कार कराया। उन्होंने बताया कि कोरोना से मौत के बाद कई स्वजन सामने नहीं आ रहे हैं। ऐसे में सामाजिक संस्थाओं की जिम्मेदारी बढ़ गई है। दाह संस्कार के काम में मिशन जागृति के विपिन भारद्वाज, गुरनाम सिंह, राजेश भूटिया, संजय पाल, दिनेश राघव तथा विकास कश्यप की विशेष भूमिका रहती है। विवेक गौतम ने बताया कि उनकी संस्था लावारिस शवों का भी सम्मानजनक तरीके से दाह संस्कार कर रही है।

chat bot
आपका साथी