रिक्शा चालक से दोस्ती करना युवक को पड़ा भारी, लालची ने किया 'भरोसे' का कत्ल

पूछताछ में मोनू ने क्राइम ब्रांच को बताया कि विवेक से एक दिन मुलाकात हुई थी। तब अपने मोबाइल से उसकी मां से बात कराई थी। क्राइम ब्रांच को जांच में मोनू का झूठ पकड़ लिया विवेक से उसकी मुलाकात कई बार हुई थी।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Thu, 11 Mar 2021 06:02 PM (IST) Updated:Thu, 11 Mar 2021 06:02 PM (IST)
रिक्शा चालक से दोस्ती करना युवक को पड़ा भारी, लालची ने किया 'भरोसे' का कत्ल
क्राइम ब्रांच की गिरफ्त में आरोपित रिक्शा चालक

फरीदाबाद (हरेंद्र नागर)। ई-रिक्शा चालक ने महज 10 हजार रुपये के एक मोबाइल के लिए नवयुवक की हत्या कर डाली। शव को झाड़ियों में पड़ा छोड़कर फरार हो गया। क्राइम ब्रांच ने इस हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। 3 मार्च को हरि नगर निवासी 19 वर्षीय नवयुवक विवेक की हत्या हुई थी। क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 का कहना है कि विवेक की हत्या बसेलवा कालोनी ओल्ड फरीदाबाद निवासी ई-रिक्शा चालक ने विवेक का मोबाइल हड़पने के लिए की थी। क्राइम ब्रांच ने आरोपित को दबोच लिया है। उसके पास से विवेक का मोबाइल, ई-रिक्शा व हत्या के दौरान पहने गए उसके कपड़े बरामद कर लिए हैं।

3 मार्च को विवेक का शव गांव बुढ़ैना के पास आगरा नहर किनारे मिला था। जांच में क्राइम ब्रांच प्रभारी सुमेर सिंह को पता चला कि हत्या से दो दिन पहले विवेक ने किसी व्यक्ति के मोबाइल से अपनी मां से बात की थी। वह मोबाइल नंबर बसेलवा कालोनी ओल्ड फरीदाबाद निवासी ई-रिक्शा चालक मोनू का निकला। पूछताछ में मोनू ने क्राइम ब्रांच को बताया कि विवेक से एक दिन मुलाकात हुई थी। तब अपने मोबाइल से उसकी मां से बात कराई थी। क्राइम ब्रांच को जांच में मोनू का झूठ पकड़ लिया, विवेक से उसकी मुलाकात कई बार हुई थी।

सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बताया कि 28 फरवरी को विवेक उसके रिक्शा में बैठा था। विवेक मोबाइल में पासवर्ड लगाकर भूल गया था। माेबाइल खोलने में उसने मोनू से मदद मांगी। पासवर्ड खोलने की कहकर मोनू ने उसका मोबाइल अपने पास रख लिया। तीन दिन तक माेनू और विवेक की मुलाकात होती रही।

3 मार्च को विवेक ने अपना मोबाइल वापस मांगा तो मोनू ने बहाना बनाया कि पासवर्ड खोलने के लिए मोबाइल दुकान पर दिया है। विवेक मोनू से उस दुकान पर लेकर चलने की जिद करने लगा जहां मोबाइल दिया है। मोनू मोबाइल वापस नहीं लौटाना चाहता था। वह विवेक को रिक्शा में बिठाकर आगरा नहर किनारे पहुंचा। रिक्शा खड़ी कर लघुशंका की बात कहकर झाड़ियों में चला गया। पीछे-पीछे विवेक भी चला गया। वहां मोनू ने पत्थर उठाकर विवेक के सिर में दे मारा। वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद कई वार कर उसकी हत्या कर दी और रिक्शा लेकर फरार हाे गया। क्राइम ब्रांच ने उसे अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपित को जेल भेज दिया है।

chat bot
आपका साथी