कृषि कानूनों पर डिप्टी सीएम बेटे दुष्यंत का इस्तीफा मांगने वालों को अजय चौटाला ने दिया करारा जवाब

Haryana Politics News जननायक जनता पार्टी के नेता अजय चौटाला ने इनेलो को आइना दिखाया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में इनेलो का मत फीसद 23 से घट कर दो फीसद रह गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का भी लगातार जनाधार घट रहा है।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Thu, 23 Sep 2021 04:56 PM (IST) Updated:Thu, 23 Sep 2021 07:25 PM (IST)
कृषि कानूनों पर डिप्टी सीएम बेटे दुष्यंत का इस्तीफा मांगने वालों को अजय चौटाला ने दिया करारा जवाब
जननायक जनता पार्टी (जजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अजय चौटाला

फरीदाबाद [सुभाष डागर]। जननायक जनता पार्टी (जजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अजय चौटाला ने गुरुवार को फरीदाबाद में इनेलो को आइना दिखाया। उन्होंने कहा कि जब जजपा पार्टी बनाई तो सभी कार्यकर्ता, पार्टी का झंडा, चुनाव निशान सब कुछ इनेलो में छोड़ दिया था। तब पार्टी के 20 विधायक थे और विधानसभा चुनाव में 23 फीसद मत रहा था। जजपा गठन होने के बाद इनेलो का एक विधायक अभय सिंह चौटाला थे। उन्होंने भी इस्तीफा दे दिया। विधानसभा चुनाव में इनेलो का मत फीसद 23 से घट कर दो फीसद रह गया। जजपा का मत 17.50 फीसद है और 10 विधायक हैं।

डा. अजय सिंह चौटाला अनाज मंडी में जजपा के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करने के लिए आए थे। उन्होंने यहां कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लगातार जनाधार घट रहा है। अब तो पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भी कहने लगे हैं कि गांधी परिवार के बेटा राहुल गांधी और प्रियंका गांधी दोनों नासमझ हैं।

जजपा ने जनता से किए वादे पूरे किए

उन्होंने कहा कि जजपा ने सत्ता में आने से पहले प्रदेश के युवाओं को निजी नौकरियों में 75 फीसद और महिलाओं को हरी चुनरी चौपाल के माध्यम से पंचायती राज संस्थाओं में 50 फीसद आरक्षण देने का वादा किया था। ये दोनों वादे विधानसभा में कानून बनाकर पूरे कर दिए हैं।

कृषि कानूनों पर दुष्यंत का इस्तीफा मांगने वाले भाजपा सांसदों से मांगे

अजय सिंह चौटाला ने कहा कि जजपा किसानों की सबसे बड़ी हिमायती है। तीन कृषि कानून किसानों और किसानी के हित में है। प्रदेश में 11 फसलों को समर्थन मूल्य पर खरीदा जा रहा है। जबकि पंजाब में दो फसलों को समर्थन मूल्य पर खरीदा जा रहा है। किसानों को आंदोलन का रास्ता छोड़ कर सरकार से बातचीत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला से तीन कृषि कानूनों पर विपक्ष इस्तीफा मांग रहा है। जबकि न तो उनकी पार्टी के सांसद हैं और न ही मंत्री। भाजपा के सांसद और मंत्री हैं। तीन कृषि कानून पर भाजपा के सांसद मंत्रियों ने हस्ताक्षर किए हैं। विपक्ष को इस्तीफा भाजपा के सांसदों से मांगना चाहिए।

इस मौके पर जजपा के प्रदेश अध्यक्ष सरदार निशान सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अंतराम तंवर, पार्टी के जिला प्रभारी संजीव मंदौला, हरी चुनरी चौपाल के प्रभारी राजेंद्र नितानी, राष्ट्रीय सचिव ठाकुर राजाराम, राष्ट्रीय सचिव कृष्ण जाखड़, जिला अध्यक्ष तेजपाल डागर, अरविंद भारद्वाज, पार्षद दीपक चौधरी मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी