सीएम मनोहर लाल पर बरसे अभय चौटाला, बोले- 600 दिन में सरकार ने कुछ नही किया; सारे दावे हवा-हवाई

अभय चौटाला ने कहा कि कुछ लोगों ने इनेलो को तोड़ने का काम किया है पर पार्टी कमजोर होने की बजाय और मजबूत हुई है। इनेलो के कार्यकर्ता मजबूत हैं और पार्टी काे नई दिशा देने में जुटे हुए हैं।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Sun, 20 Jun 2021 10:24 PM (IST) Updated:Sun, 20 Jun 2021 10:24 PM (IST)
सीएम मनोहर लाल पर बरसे अभय चौटाला, बोले- 600 दिन में सरकार ने कुछ नही किया; सारे दावे हवा-हवाई
इनेलो के प्रधान महासचिव अभय चौटाला: फोटो- जागरण

फरीदाबाद [सुशील भाटिया]। इनेलो के प्रधान महासचिव अभय चौटाला ने प्रदेश सरकार के 600 दिन पूरे होने पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा गिनाई उपलब्धियों व योजनाओं को हवा-हवाई बताते हुए कहा कि धरातल पर कुछ भी नहीं हुआ। प्रदेश की जनता नाखुश है, क्योंकि उन्हें किसी भी योजना का लाभ ही नहीं मिल रहा। हालात सुधरने की बजाय बिगड़े हैं। अभय चौटाला सेक्टर-11 स्थित पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करने आए थे।

अपने संबोधन में अभय चौटाला ने कहा कि कुछ लोगों ने इनेलो को तोड़ने का काम किया है, पर पार्टी कमजोर होने की बजाय और मजबूत हुई है। इनेलो के कार्यकर्ता मजबूत हैं और पार्टी काे नई दिशा देने में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि 16 प्रकोष्ठों का पुनर्गठन करके पार्टी को और मजबूत किया जा रहा है। जब भी चुनाव होंगे पार्टी शानदार प्रदर्शन कर सत्ता में वापसी करेगी।

संबोधन के बाद दैनिक जागरण से बातचीत में अभय चौटाला ने कहा कि प्रदेश की जनता को किसी तरह की राहत देने की बजाय भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार ने खूब घोटाले किए, जिनमें धान घोटाला, शराब और रजिस्ट्री घोटाला प्रमुख हैं। मुख्यमंत्री ने धान घोटाले की बाबत विधानसभा में जांच कराने की बात कही, पर हुआ कुछ नहीं।

शराब घोटाले की जांच के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने एसआइटी गठित करवाई। कोई कार्रवाई करने की बजाय विजिलेंस जांच बैठा दी। जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की बजाय इसे मुख्य सचिव को सौंप दिया गया कि इसका अध्ययन किया जाएगा और फिर इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। कार्रवाई इसलिए नहीं हुई, क्योंकि सत्ता से जुड़े हुए लोग इसमें शामिल थे।

इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व विधायक नफे सिंह राठी और श्याम सिंह राणा, जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह चौहान, जिला प्रभारी राज सिंह मोर, रूपचंद लांबा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सभा का संचालन जिले के कार्यकारी अध्यक्ष देवेंद्र तेवतिया व बच्चू सिंह तेवतिया ने किया। इस अवसर पर जिला संयोजक व महिला मोर्चा की जिला प्रधान जगजीत कौर पन्नू के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं इनेलो में शामिल हुई। अभय चौटाला को धरमवीर, पृथी सिंह, महावीर सिंह व लेखराज ने पगड़ी बांध का अभिनंदन किया।

chat bot
आपका साथी