स्वच्छता अभियान में कैसे होंगे कामयाब, कचरा एकत्र करने को जब वाहन ही नहीं

नगर निगम ने इकोग्रीन कंपनी को वाहनों की संख्या बढ़ाने को कहा है ताकि हर घर से समय पर कचरा एकत्र किया जा सके। बता दें कि दिसंबर 2017 में नगर निगम क्षेत्र में इकोग्रीन ने घर-घर से कचरा एकत्र करने का काम शुरू किया था।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Sun, 21 Mar 2021 05:07 PM (IST) Updated:Sun, 21 Mar 2021 05:07 PM (IST)
स्वच्छता अभियान में कैसे होंगे कामयाब, कचरा एकत्र करने को जब वाहन ही नहीं
गीला और सूखा कचरा भी अलग अलग करके एकत्र नहीं किया जा रहा है।

फरीदाबाद [अनिल बेताब]। नगर निगम क्षेत्र में हर घर से कचरा एकत्र करने को 556 वाहन चाहिए, मगर 220 वाहन चल रहे हैं। ऐसे ही तंग गलियों में चलने वाले रिक्शों की संख्या भी जरूरत के मुताबिक कम है। यही वजह है कि हर घर से कचरा एकत्र नहीं किया जा रहा है। गीला और सूखा कचरा भी अलग अलग करके एकत्र नहीं किया जा रहा है। कुछ ऐसी ही रिपोर्ट नोडल अधिकारियों ने निगमायुक्त यशपाल यादव को दी है। 

अब स्वच्छता अभियान के तहत नगर निगम इन कमियों को दूर करने में जुट गया है। नगर निगम ने इकोग्रीन कंपनी को वाहनों की संख्या बढ़ाने को कहा है, ताकि हर घर से समय पर कचरा एकत्र किया जा सके। बता दें कि दिसंबर, 2017 में नगर निगम क्षेत्र में इकोग्रीन ने घर-घर से कचरा एकत्र करने का काम शुरू किया था। शुरुआती दौर से ही वार्डों में वाहनाें की कम संख्या के मुद्दे पर पार्षद नाराजगी जताते रहे हैं। नगर निगम सदन की बैठक में भी कई बार यह मुद्दा उठा था। कई महीनाें से इकोग्रीन के डबुआ कालोनी के प्लांट में दर्जनों वाहन खराब पड़े हैं। 

व्यवस्था दुरुस्त करने काे नियुक्त किए थे नोडल अधिकारी 

निगमायुक्त यशपाल यादव ने स्वच्छता की स्थिति बेहतर करने को पांच मार्च को हर वार्ड में नोडल अधिकारी की नियुक्ति की थी। साथ ही इन नोडल अधिकारियों से निसयमित रूप से रिपोर्ट देने को कहा था। सुझाव भी मांगे गए थे। अब सभी वार्डों के नाेडल अधिकारियों की ओर से तैयार की गई रिपोर्ट में इकोग्रीन की कई खामियां सामने आईं हैं। किसी भी वार्ड में पर्याप्त वाहन नहीं हैं। वाहनों की संख्या कम होने से पार्षद भी खफा हैं। 

मेरे वार्ड में पांच वाहन चल रहे हैं। वार्ड में कम से कम 15 वाहन होने चाहिए, तभी हर घर से कचरा एकत्र हो पाएगा। 

हेमा बैसला, वार्ड 20 की पार्षद। 

मेरे वार्ड में सिर्फ तीन वाहन चल रहे हैं। पांच वाहन और होने चाहिए। कई बार इस मुद्दे को उठाया है, किसी ने ध्यान नहीं दिया। 

रतनपाल, वार्ड 18 के पार्षद। 

मेरे वार्ड में घर-घर कचरा एकत्र करने को पांच वाहन चल रहे हैं। पांच वाहन और होने चाहिए। 

जसवंत सिंह, वार्ड 14 के पार्षद 

हमने इकोग्रीन से साफ तौर से कहा है कि हर घर से निर्धरित समय पर कचरा एकत्र किया जाना चाहिए। जल्द ही हर वार्ड में वाहनों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इससे व्यवस्था में काफी सुधार होगा। 

यशपाल यादव, निगमायुक्त।  नगर निगम क्षेत्र में चल रहे वाहन: 220  वाहनों की जरूरत, 556  कचरा एकत्र करने के काम में लगे रिक्शों की संख्या, 266  रिक्शों की जरूरत, 925  प्रतिदिन निकल रहा कचरा, करीब 800 टन 

chat bot
आपका साथी