मनोहर लाल सरकार के 15 दिन बीतने पर पढ़िए, कांग्रेस अध्यक्ष सैलजा की प्रतिक्रिया

कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने भाजपा-जजपा सरकार को पहले दिन से ही फेल बताया है। कहा कि सरकार की प्रशासनिक अधिकारियों पर कोई पकड़ नहीं है।

By JP YadavEdited By: Publish:Tue, 12 Nov 2019 11:15 AM (IST) Updated:Tue, 12 Nov 2019 11:15 AM (IST)
मनोहर लाल सरकार के 15 दिन बीतने पर पढ़िए, कांग्रेस अध्यक्ष सैलजा की प्रतिक्रिया
मनोहर लाल सरकार के 15 दिन बीतने पर पढ़िए, कांग्रेस अध्यक्ष सैलजा की प्रतिक्रिया

फरीदाबाद [सुशील भाटिया]। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कुमारी सैलजा (Kumari Selja, Haryana Pradesh Congress Committee president) ने भाजपा-जजपा सरकार को पहले दिन से ही फेल बताया है। कुमारी सैलजा ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति को बदहाल बताया और इसके लिए पिछले दिनों फरीदाबाद में चौहरे हत्याकांड के बाद सोमवार को ही दिन-दहाड़े बदमाशों द्वारा पेट्रोल पंप पर गोलियों से छलनी कर युवक जतिन कथूरिया की हत्या करने का उदाहरण दिया।

कांग्रेस अध्यक्ष सोमवार को पूर्व जिलाध्यक्ष बीआर ओझा के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के आई थी। दैनिक जागरण से बातचीत में कुमारी सैलजा ने कहा कि सरकार की प्रशासनिक अधिकारियों पर कोई पकड़ नहीं है। अपराधी सरेआम घूम रहे हैं और बदमाशों के मन-मस्तिष्क से खौफ गायब है। राजमार्ग पर ही बदमाश कार सवार को गोलियां मार कर भाग जाते हैं। इससे कानून-व्यवस्था की स्थिति समझी जा सकती है।

सैलजा ने कहा कि कांग्रेस प्रमुख विपक्षी पार्टी के रूप में सदन के अंदर और सदन के बाहर सशक्त रूप से जनता की आवाज बनेगी। सैलजा ने कहा कि उनकी पार्टी पहले से भी आम आदमी के साथ थी और अब भी है। प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियां ठप हैं, बेरोजगारी बढ़ रही है। किसानों की कोई नहीं सुन रहा। आज के दिन सबसे बड़ा मुद्दा बदहाल कानून-व्यवस्था का है और कांग्रेस पार्टी इन सब मुद्दों पर बेहद जल्द प्रदेश भर में विरोध प्रदर्शन करेगी।

य़हां पर बता दें कि 40 सीटें हासिल करने वाली भारतीय जनता पार्टी इस बार जननायक जनता पार्टी के साथ गठबंधन कर सरकार चला रही है। पिछले महीने 27 अक्टूबर को दिवाली के दिन मनोहर लाल खट्टर बतौर सीएम तो दुष्यंत चौटाला ने डिप्टी सीएम की शपथ ली है। अभी मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं हुआ है। वहीं, कांग्रेस 30 सीटें हासिल कर मजूबत विपक्ष की भूमिका निभाने की बात कर रहा है।  

दिल्ली-एनसीआर की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक

chat bot
आपका साथी