तिरंगा थीम पर तैयार कर राष्ट्र को समर्पित होगी बड़खल से बाईपास रोड

केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने शुक्रवार सुबह स्मार्टसिटी परियोजना की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डा.गरिमा मित्तल के संग व अन्य अधिकारियों के साथ बड़खल चौक से बाइपास तक स्मार्ट सिटी द्वारा विकसित की जा रही 1600 सड़क का पैदल निरीक्षण किया।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Fri, 20 Aug 2021 04:10 PM (IST) Updated:Fri, 20 Aug 2021 04:10 PM (IST)
तिरंगा थीम पर तैयार कर राष्ट्र को समर्पित होगी बड़खल से बाईपास रोड
फरीदाबाद में बड़खल चौक से बाइपास तक बन रही सड़क की थीम पूरी तरह से तिरंगे पर आधारित होगी।

फरीदाबाद (सुशील भाटिया)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देश के शहरों को सुंदर बनाने के लिए महत्वाकांक्षी परियोजना स्मार्ट सिटी के तहत औद्योगिक जिला फरीदाबाद में बड़खल चौक से बाइपास तक बन रही सड़क की थीम पूरी तरह से तिरंगे पर आधारित होगी। इस मार्ग पर प्रवेश करने से लेकर पूरी यात्रा के दौरान चलने वालों को तिरंगे का अहसास होगा। इसके लिए केंद्रीय ऊर्जा एवं भारी उद्योग राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने स्मार्ट सिटी, नगर निगम व फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।

शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री ने 1600 मीटर सड़क का पैदल किया निरीक्षण

केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने शुक्रवार सुबह स्मार्टसिटी परियोजना की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डा.गरिमा मित्तल के संग व अन्य अधिकारियों के साथ बड़खल चौक से बाइपास तक स्मार्ट सिटी द्वारा विकसित की जा रही 1600 सड़क का पैदल निरीक्षण किया। अधिकारियों के साथ पैदल चलते हुए उन्होंने सड़क से जुड़े प्रत्येक बिंदु का बारीकी से निरीक्षण किया और जहां कमियां नजर आई, उनसे से अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क की गुणवत्ता विश्वस्तरीय होनी चाहिए और यह सड़क तिरंगा थीम पर तैयार कर आजादी के 75वें अमृत महोत्सव के तहत राष्ट्र को समर्पित की जाएगी।

सड़क के साथ बने मकानों की पानी की टंकियां डिजिटल राेशनी से होंगी जगमग

सड़क के साथ-साथ बने मकानों पर पानी की टंकियों को डिजिटल रोशनी से जगमग किया जाएगा। इस तरह का प्रयोग हाल ही में कश्मीर के लाल चौक को सजाने के लिए किया गया है। राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को सम्मान देते हुए सड़क पर रोशनी के लिए लगाए गए खंभों पर भी तिरंगा लुक देने वाली लड़ियां लगाई जाएंगी।

बड़खल चौक से इंट्री का थीम भी तिरंगा रखा जाए और पूरी रेलिंग पर भी तिरंगा पेंट होगा। सड़क के दोनों तरफ बेहतरीन साइकिल ट्रैक तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही 1600 मीटर का यह रोड वाई-फाई होगा। इसके लिए आठ स्मार्ट पोल इस पर लगाए जा रहे हैं। यहां एक पोल के 200 मीटर के दायरे में कोई भी व्यक्ति आधा घंटा तक वाईफाई से हाई स्पीड इंटरनेट प्रयोग कर सकता है। अगले खंभे के पास जाकर फिर से आधा घंटा इंटरनेट प्रयोग कर सकते हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि तिरंगे को सम्मान देते हुए यह सड़क हम पूरी तरह से राष्ट्र को समर्पित करेंगे ताकि यहां से चलने वालों को अपने तिरंगे पर गर्व हो।

chat bot
आपका साथी