'सभी वार्डों में होंगे समान विकास कार्य'

वर्ष-2021 नगर निगम का चुनावी साल है। चुनाव साल के अंत में हैं उसी अनुरूप तैयारी शुरू कर दी गई है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 23 Jan 2021 08:13 PM (IST) Updated:Sat, 23 Jan 2021 08:13 PM (IST)
'सभी वार्डों में होंगे समान विकास कार्य'
'सभी वार्डों में होंगे समान विकास कार्य'

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : वर्ष-2021 नगर निगम का चुनावी साल है। चुनाव साल के अंत में होने हैं और अभी वर्ष की शुरुआत हुई, पर सरकार इसको लेकर अभी से चौकस हुई है। यही कारण कि शनिवार को निगम के पार्षदों के साथ केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने बैठक की और निगम के सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कराए जाने की बात कही। जिला मुख्यालय में निगमायुक्त व जिला उपायुक्त यशपाल यादव व महापौर सुमन बाला की मौजूदगी में हुई बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक वार्ड में एक करोड़ रुपये के बजट से पार्षदों की ओर से बनाई गई फाइलों के अनुरूप काम किए जाएं। केंद्रीय राज्य मंत्री की यह कवायद पार्षदों की नाराजगी दूर करने की दिशा में मानी जा रही है।

कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि पिछले छह वर्षों में शहर में सभी क्षेत्रों में विकास कार्य करवाए गए हैं, लेकिन कहीं कमी भी हो सकती है। सीवरेज, सफाई व शुद्ध पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं मिलें, यही हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। पार्षद निगम की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में सहयोग करें। बैठक में निगमायुक्त यशपाल यादव ने कहा कि स्वच्छता अभियान में हर नागरिक की भागीदारी होनी अनिवार्य है। सभी जनप्रतिनिधियों के सहयोग से शहर में विकास कार्यों को गति दी जा सकती है। यशपाल यादव ने कहा कि प्रयास किया जाएगा कि जून से पहले शहर कचरा मुक्त हो जाए। अब प्रयास किया जाएगा कि हर महीने नगर निगम सदन की बैठक हो। उप महापौर मनमोहन गर्ग ने नीलम ओवरब्रिज के नीचे कबाड़ में आग लग जाने से पुल से प्रभावित हुए आवागमन का मुद्दा भी उठाया। बैठक में तिगांव से विधायक राजेश नागर, एनआइटी के विधायक नीरज शर्मा, महापौर सुमन बाला, वरिष्ठ उप महापौर देवेंद्र चौधरी, उप महापौर मनमोहन गर्ग तथा निगम के अधिकारी मौजूद थे। वार्ड 7 के पार्षद बीर सिंह नैन तथा 11 के पार्षद मनोज नासवा ने स्वच्छता के मुद्दे पर सुझाव दिए। अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर उठे पार्षदों के सवाल

वार्ड नंबर-6 के पार्षद सुरेंद्र अग्रवाल ने सफाई कर्मियों का मुद्दा उठाया। वार्ड-9 के पार्षद महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रतापगढ़ में सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का काम पूरा नहीं हुआ है। पार्षद हरप्रसाद गौड़ ने इस बात पर हैरानी जताई कि मोहना रोड के नाले का काम पांच वर्ष से चल रहा है, आज तक पूरा नहीं किया गया। पार्षद दीपक चौधरी ने भी अपनी बात रखी। निगमायुक्त यशपाल यादव ने आश्वस्त किया कि जो ठेकेदार निर्धारित समय पर काम पूरा नहीं करेगा, ऐसे ठेकेदार पर जुर्माना लगाया जाएगा।

chat bot
आपका साथी