नए वर्ष में फरवरी के अंत में हो सकते हैं निगम चुनाव

जागरण संवाददाता फरीदाबाद नगर निगम चुनाव नए वर्ष में फरवरी के अंत में होने की संभावना

By JagranEdited By: Publish:Thu, 28 Oct 2021 05:37 PM (IST) Updated:Thu, 28 Oct 2021 05:37 PM (IST)
नए वर्ष में फरवरी के अंत में 
हो सकते हैं निगम चुनाव
नए वर्ष में फरवरी के अंत में हो सकते हैं निगम चुनाव

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : नगर निगम चुनाव नए वर्ष में फरवरी के अंत में होने की संभावना है। इसके लिए वार्डबंदी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके तहत निगम में शामिल 24 गांव के अलावा 40 वार्डों में भी आबादी सर्वे किया जाएगा। सर्वे के लिए नगर निगम ने टेंडर कर दिए हैं। दो नवंबर को टेंडर खोले जाएंगे। इसके बाद निजी एजेंसी सर्वे शुरू करेगी।

दिसंबर के पहले हफ्ते तक सर्वे का काम पूरा कर लिया जाएगा। नगर निगम की ओर से आपत्ति दर्ज करने के लिए 15 दिन का समय दिया जाएगा। फिलहाल नगर निगम क्षेत्र में 40 वार्ड हैं। वर्ष 2011 के रिकार्ड के अनुसार इन गांवों की कुल आबादी लगभग 93 हजार थी, जो बढ़ कर अब दो लाख से अधिक हो गई है। आबादी की संख्या का सही आंकड़ा सर्वे रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा। इसके बाद नगर निगम में पांच वार्ड बढ़ाए जा सकते हैं।

वार्डबंदी कमेटी की पहली बैठक 22 सितंबर को चेयरमैन तथा जिला उपायुक्त जितेंद्र यादव के कार्यालय में हुई थी। बैठक में वार्डबंदी के काम को गति देने के लिए विचार विमर्श किया गया। सरकार की ओर से 24 गांवों को नगर निगम में शामिल करने संबंधी अधिसूचना पहले ही जारी कर दी गई थी। कमेटी में महापौर सुमन बाला (वार्ड 12 की पार्षद, बड़खल विधानसभा क्षेत्र) के साथ ही फरीदाबाद विधानसभा से वार्ड-33 के पार्षद धनेश अदलखा, एनआइटी से वार्ड-8 की पार्षद ममता चौधरी, बल्लभगढ़ से वार्ड-38 की पार्षद उमा सैनी तथा तिगांव विधानसभा से मनोनीत निगम सदस्य बिजेंद्र शर्मा को कमेटी में बतौर सदस्य शामिल किया गया है। निगम के पिछले चुनाव 8 जनवरी, 2017 को हुए थे। इस तरह 8 जनवरी-2022 से पहले चुनाव कराए जाने हैं, मगर अभी इतना समय नहीं बचा है कि नवंबर-दिसंबर के दो महीनों में सारी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएं। जनवरी के बाद नए वर्ष में 4 फरवरी से 20 फरवरी तक सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेला लगना है। ऐसे में संभावना है कि सरकार मेले के समापन के बाद नगर निगम चुनाव करवाए।

chat bot
आपका साथी