राजकीय विद्यालयों की छात्राएं सीख रही आत्मरक्षा के गुर

जिले के राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं को अब शारीरिक रूप से मजबूत करने का काम शुरू कर दिया गया है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 30 Nov 2021 05:03 PM (IST) Updated:Tue, 30 Nov 2021 05:03 PM (IST)
राजकीय विद्यालयों की छात्राएं सीख रही आत्मरक्षा के गुर
राजकीय विद्यालयों की छात्राएं सीख रही आत्मरक्षा के गुर

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : जिले के राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं को अब शारीरिक रूप से मजबूत करने का काम शुरू कर दिया गया है। इसके लिए उन्हें रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षित किया जा रहा है। फिलहाल यह आयोजन जिले के तीन स्कूलों राजकीय हाईस्कूल करनेरा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फिरोजपुर कलां, समयपुर और फतेहपुर तगा में किया जा रहा है। प्रशिक्षण के तहत छात्राओं को सिखाया जा रहा है कि किस प्रकार पेन, पेंसिल और किताबों को हथियार बनाकर असामाजिक तत्वों का डटकर मुकाबला किया जा सकता है।

जिला शिक्षा अधिकारी रितु चौधरी के अनुसार अक्सर यह देखने में आया है कि राजकीय विद्यालयों की छात्राएं स्कूल की छुट्टी के बाद छींटाकशी, छेड़छाड़ एवं अभद्र व्यवहार का शिकार होती हैं। विभिन्न मौकों पर अपने अभिभावक, पुलिस या विद्यालय प्रबंधकों से शिकायत भी नहीं करती हैं। कई बार छात्राएं पढ़ाई ही छोड़ देती हैं। इन सब दिक्कतों को देखते हुए शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश की सभी छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाने का फैसला किया है। निदेशालय का मानना है कि इससे छात्राएं न सिर्फ शारीरिक रूप से मजबूत होंगी, बल्कि आत्मरक्षा भी कर सकेंगी। योजना के तहत प्रति स्कूल में 30 से 35 लड़कियों का ग्रुप बनाया गया है और जूडो प्रशिक्षक संदीप पांचाल को मास्टर ट्रेनर के रूप में नियुक्त किया गया है। मास्टर ट्रेनर करीब तीन माह तक मार्शल कला जूडो-कराटे का प्रशिक्षण देंगे और साथ ही बताएंगे कि पेन, पेंसिल व पुस्तकों को किस प्रकार हथियार बनाकर अपनी सुरक्षा की जा सकती है। ट्रेनिग के दौरान स्कूल हेड, महिला शिक्षिका व एक पीटीआइ की उपस्थिति होनी अनिवार्य है।

chat bot
आपका साथी