अदालत में पेशी के दौरान बिल्डर अनिल गोयल की मौत

अदालत में पेशी के दौरान सीने में अचानक दर्द उठने से पीयूष रियल एस्टेट ग्रुप के मालिक अनिल गोयल की सोमवार को मौत हो गई।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 08:08 PM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 08:08 PM (IST)
अदालत में पेशी के दौरान बिल्डर अनिल गोयल की मौत
अदालत में पेशी के दौरान बिल्डर अनिल गोयल की मौत

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : अदालत में पेशी के दौरान सीने में अचानक दर्द उठने से पीयूष रियल एस्टेट ग्रुप के मालिक अनिल गोयल की सोमवार को मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। पुलिस मौत का कारण हृदय की गति रुकना मान रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का वास्तविक कारण पता चलेगा।

पीयूष रियल एस्टेट ग्रुप के मालिक अनिल गोयल पर निवेशकों से धोखाधड़ी के 28 मुकदमे जिले के विभिन्न थानों में दर्ज हैं। ये मुकदमे तीन साल पहले दर्ज होने शुरू हुए थे। आर्थिक अपराध शाखा इन मुकदमों की जांच कर रही थी। करीब दो साल पहले आर्थिक अपराध शाखा ने अनिल गोयल के बेटों और पीयूष ग्रुप के निदेशक पुनीत गोयल और अमित गोयल को गिरफ्तार किया था। अनिल गोयल को अदालत ने भगौड़ा घोषित कर दिया था। करीब 60 वर्षीय अनिल गोयल को इसी साल अप्रैल में पुलिस ने मेरठ से गिरफ्तार किया था। तभी से वे जेल में थे। वे मूल रूप से नूंह जिले के पुन्हाना के निवासी हैं। सोमवार को इन मुकदमों के सिलसिले में उनकी विभिन्न अदालतों में पेशी थी। पुलिस एक के बाद उन्हें अलग-अलग अदालतों में पेश कर रही थी। दोपहर करीब तीन बजे अदालत में पेशी के दौरान अचानक उनके सीने में दर्द उठा। उनकी हालत बिगड़ती देखकर पुलिस आनन-फानन में उन्हें बादशाह खान अस्पताल लेकर पहुंची। यहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी अचानक मृत्यु से धोखाधड़ी के शिकार निवेशकों को अपनी रकम वापस मिलने पर संशय के बादल छा गए हैं। इससे पहले अनिल गोयल के बेटे और पीयूष ग्रुप के निदेशक पुनीत गोयल की 27 अप्रैल को कोरोना संक्रमण के चलते मौत हो गई थी। पुनीत गोयल व उनके भाई अमित गोयल को पुलिस ने धोखाधड़ी के मामलों में करीब दो साल पहले गिरफ्तार किया था। तभी से वे जेल में थे।

-------- पुन्हाना में था कपड़े का बड़ा कारोबार

अनिल गोयल मूल रूप से नूंह जिले के पुन्हाना कस्बा के मूल निवासी थे। पुन्हाना में गोयल परिवार का कपड़े का बड़ा कारोबार था और वे अनिल बजाजी के नाम से जाने जाते थे। अनिल गोयल वहां ब्याज का काम भी करते थे। वर्ष 2005-06 में अनिल गोयल फरीदाबाद में आ गए और यहां रियल इस्टेट का काम शुरू किया। बड़ी संख्या में लोगों ने पीयूष ग्रुप में निवेश किया। ग्रेटर फरीदाबाद में पीयूष हाइट्स के नाम से आवासीय सोसायटी है। हाईवे पर जेसी बोस यूनिवर्सिटी के सामने पीयूष ग्रुप की पीयूष ग्लोबल के नाम से बहुमंजिला कारपोरेट कार्यालय है।

chat bot
आपका साथी