हथियारबंद बदमाशों ने व्यापारी को बंधक बना लूटा गल्ला

जागरण संवाददाता फरीदाबाद सेक्टर-23 संजय कालोनी में तीन हथियारबंद बदमाशों ने दुकानदार व

By JagranEdited By: Publish:Wed, 29 Sep 2021 05:28 PM (IST) Updated:Wed, 29 Sep 2021 05:28 PM (IST)
हथियारबंद बदमाशों ने व्यापारी को बंधक बना लूटा गल्ला
हथियारबंद बदमाशों ने व्यापारी को बंधक बना लूटा गल्ला

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : सेक्टर-23 संजय कालोनी में तीन हथियारबंद बदमाशों ने दुकानदार व उसके सहायक को दुकान के अंदर बंधक बना लिया। गल्ले से सारी नकदी समेट लिए। बताया जाता है कि गल्ले में करीब पांच लाख रुपये थे। व्यापारी के पिता व एक अन्य युवक ने बदमाशों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने दोनों को गोली मार दी। दोनों अस्पताल में उपचाराधीन है। बदमाश मोटरसाइकिल से आए थे।

संजय कालोनी सेक्टर-23 निवासी मोहित ने पुलिस को बताया कि राजेंद्र चौक के पास घरेलू सामान की उसकी दुकान है। दुकान के ऊपर मकान में उनका परिवार रहता है। रात करीब 10 बजे वे दुकान में थे। उनका सहायक बबलू दुकान के शटर गिरा रहा था। बबलू ने दो शटर गिरा भी दिए। जब उसने तीसरे शटर को नीचे किया, तभी हाथों में पिस्टल लिए दो बदमाश वहां पहुंच गए। दोनों ने कपड़े से चेहरे ढक रखे थे। उन्होंने धक्का देकर बबलू को दुकान के अंदर गिराकर शटर बंद कर दिया। उसके बाद मोहित व बबलू को पिस्टल के दम पर बंधक बनाकर गल्ले से नकदी लूट ली। मोहित की सोने की चेन व मोबाइल भी छीन लिया।

शोर सुनकर मोहित के पिता वेद अग्रवाल नीचे आ गए। तब तीसरा बदमाश दुकान के बाहर मोटरसाइकिल स्टार्ट किए खड़ा था। दोनों बदमाश साथी के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर भागने लगे। वेद अग्रवाल ने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया तो उन्होंने दो गोलियां चलाई। इनमें एक गोली वेदप्रकाश को कंधे व दूसरी बाजू पर लगी। इससे वे वहीं गिर पड़े। बदमाश मोटरसाइकिल पर भागने लगे तो गौरव नाम के युवक ने हिम्मत करके उन्हें रोकने का प्रयास किया। बदमाशों ने गौरव की तरफ भी गोली चला दी जो उनके हाथ में लगी। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच थाना पुलिस व क्राइम ब्रांच कर रही है। अभी बदमाशों का सुराग नहीं लगा है।

chat bot
आपका साथी