स्कूल से गुम हुए छह साल के बच्चे को पुलिस ने ढूंढा

स्कूल से खेलते-खेलते गुम हुए छह साल के बच्चे को डबुआ थाना पुलिस ने कुछ ही देर में ढूंढ निकाला।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Oct 2020 04:43 PM (IST) Updated:Thu, 22 Oct 2020 04:43 PM (IST)
स्कूल से गुम हुए छह साल 
के बच्चे को पुलिस ने ढूंढा
स्कूल से गुम हुए छह साल के बच्चे को पुलिस ने ढूंढा

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : स्कूल से खेलते-खेलते गुम हुए छह साल के बच्चे को डबुआ थाना पुलिस ने कुछ घंटे की मशक्कत के बाद ढूंढ निकाला। बच्चे को सकुशल उसके स्वजनों को सौंप दिया है। डबुआ थाना क्षेत्र के गांव गाजीपुर निवासी छह साल के बच्चे को लेकर उसकी चाची स्कूल में दाखिला कराने गई थी। बच्चे की चाची स्कूल स्टाफ से बात करने लगी। तभी बच्चा खेलते-खेलते स्कूल से बाहर निकल गया। घर का रास्ता मालूम ना होने के कारण वह भटक गया। उधर जब चाची ने बच्चे के अपने पास नहीं पाया तो वह बहुत घबरा गई। बच्चे को उसने स्कूल के आस-पास तलाश किया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इसके बाद चाची ने घर सूचना दी। परिवार के सभी सदस्य परेशान हो गए। उन्होंने अपने स्तर पर बच्चे की काफी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद डबुआ थाना पुलिस को सूचना दी गई। डबुआ थाना प्रभारी संदीप कुमार ने मामले पर तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने अलग-अलग टीमें बनाकर बच्चे की तलाश के लिए रवाना कीं। टीमों ने बच्चे की फोटो साथ लेकर उसकी तलाश शुरू की। मेहनत रंग लाई। एक व्यक्ति ने बच्चे को अपने पास बिठाया हुआ था। वह उससे घर का पता पूछ रहा था, मगर बच्चा कुछ भी नहीं बता पा रहा था। पुलिस ने बच्चे को उसके स्वजनों को सौंप दिया। अपने लाडले को वापस पाकर परिवार वालों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। बच्चा सकुशल मिलने पर पुलिस का धन्यवाद किया है।

chat bot
आपका साथी