बारिश से फसल को नुकसान, मुआवजे की मांग

लगातार दो दिन हुई बारिश ने खरीफ की फसल धान कपास बाजरे को भारी नुकसान पहुंचाया है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 07:38 PM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 07:51 PM (IST)
बारिश से फसल को नुकसान, मुआवजे की मांग
बारिश से फसल को नुकसान, मुआवजे की मांग

जागरण संवाददाता, बल्लभगढ़ : लगातार दो दिन हुई बारिश ने खरीफ की फसल धान, कपास, बाजरे को भारी नुकसान पहुंचाया है। बारिश से खेतों में फसल गिर गई है। किसानों के अनुसार, इससे उनकी पूरी मेहनत पर पानी फिर गया है और एक तरह से कमर टूट गई है। किसानों ने भी नुकसान की भरपाई के लिए सरकार से विशेष गिरदावरी कराने की मांग की है।

उधर किसानों की व्यथा जानने के लिए पृथला के विधायक एवं हरियाणा भंडारण निगम के चेयरमैन नयनपाल रावत ने विभिन्न गांवों में पहुंचे। किसानों ने विधायक को खेत में बिछी पड़ी फसल दिखाई। विधायक ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल और फरीदाबाद, पलवल के उपायुक्त से बातचीत की।

जिले में 9 हजार हेक्टेयर भूमि पर धान, 1500 हेक्टेयर भूमि पर बाजरा, एक हजार हेक्टेयर भूमि पर कपास लगाई है। इस वर्ष लगातार बारिश होने से कपास और बाजरे में पहले से ही काफी नुकसान हो चुका है। धान बचा हुआ था। पिछले दो दिन से हुई बारिश से धान की फसल पकाव पर होने के कारण जमीन पर गिर गई और पानी में डूबी हुई है। आसमान में बादल छाए हुए हैं, जिससे किसानों की माथे पर अभी भी चिता की लकीरें पड़ी हुई हैं।

---

जिले में औसत 62.05 मिलीमीटर रिकार्ड की गई

तहसील-बारिश मिलीमीटर

-फरीदाबाद-44

-बल्लभगढ़-46

-बड़खल-49

उपतहसील

-तिगांव-32

-मोहना-55

-दयालपुर-57

-धौज-72

-गौंछी-86

--------

बारिश से सभी फसलों में भारी नुकसान हुआ है। कपास, धान, बाजरा की बोआई करने वाले किसानों को आर्थिक रूप से गेहूं की बोआई करना मुश्किल होगा।

-दुलीचंद, किसान मलेरना।

---

सरकार को बारिश से हुए नुकसान की विशेष गिरदावरी करानी चाहिए। किसानों को जो नुकसान हुआ है, उसकी आर्थिक भरपाई की जानी चाहिए।

-जोगेंद्र सिंह रावत, किसान सुनपेड़।

---

मंडियों में जिन आढ़तियों ने धान को खरीद कर टीन शेड से बाहर डाला हुआ है, वो भीग गया। किसानों का धान नहीं भीगा है, ये आढ़तियों का है। मंडी में धान में कोई ज्यादा नुकसान नहीं है। नगर निगम को पानी निकासी के लिए बड़ी पाइप लाइन डालनी चाहिए, ताकि मंडी में जलभराव न हो।

-ऋषि कुमार, सचिव एवं कार्यकारी अधिकारी मार्केट कमेटी बल्लभगढ़।

---

निश्चित रूप से बारिश से सभी फसलों को नुकसान हुआ है। अभी 19 अक्टूबर को बारिश हो सकती है। 20 अक्टूबर को मौसम के साफ होने की उम्मीद है। जिन किसानों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा कराया हुआ है, वे अपने नुकसान की शिकायत 72 घंटे के अंदर जिला कृषि उपनिदेशक कार्यालय में कर सकते हैं।

-डा. लक्ष्मण सिंह, क्षेत्रीय कृषि विकास अधिकारी, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग बल्लभगढ़।

---

बारिश से फसलों में हुए नुकसान को लेकर सुबह मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मैंने फोन पर बातचीत की है। मुख्यमंत्री ने फरीदाबाद, पलवल दोनों उपायुक्त से बातचीत करने के लिए कहा।

दोनों उपायुक्त ने फसलों में हुए नुकसान की विशेष गिरदावरी करने के लिए पटवारियों से कहा है। क्षेत्र के दर्जन भर गांव का दौरा करके फसलों में हुए नुकसान का जायजा लिया है।

-नयनपाल रावत, पृथला के विधायक एवं चेयरमैन हरियाणा भंडारण निगम।

chat bot
आपका साथी