पार्षदों और समाजसेवियों ने संभाला डेंगू नियंत्रण अभियान का मोर्चा

डेंगू व मलेरिया नियंत्रण अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में फागिंग अभियान चलाया जा रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 20 Oct 2021 07:51 PM (IST) Updated:Wed, 20 Oct 2021 07:51 PM (IST)
पार्षदों और समाजसेवियों ने संभाला डेंगू नियंत्रण अभियान का मोर्चा
पार्षदों और समाजसेवियों ने संभाला डेंगू नियंत्रण अभियान का मोर्चा

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : डेंगू व मलेरिया नियंत्रण अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में फागिग अभियान तेज कर दिया गया है। पार्षद, आरडब्ल्यएू और समाजसेवी नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग के साथ मिल कर फागिग कर रहे हैं। जिले में बुधवार शाम तक डेंगू के 177 मामले आ चुके हैं। बुखार के मामलों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे कई क्षेत्रों में लोग फागिग की मांग कर रहे हैं, मगर नगर निगम अपने स्तर पर इस स्थिति को काबू नहीं कर पा रहा था। इसलिए निगम ने पार्षदों का सहयोग लिया। पार्षदों के सहयोग से चल रहे अभियान के तहत डेंगू मामले में अति संवेदनशील क्षेत्रों में नगर निगम कर्मचारी फागिग कर रहे हैं।

बता दें कि पिछले दिनों निगमायुक्त यशपाल यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.विनय गुप्ता तथा जिला मलेरिया अधिकारी डा. रामभगत की डेंगू नियंत्रण के मुद्दे पर बैठक हुई थी। उस समय तय किया गया था कि नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग मिलकर डेंगू से लड़ेंगे। इसके बाद पार्षदों को इस अभियान से जोड़ा गया।

वार्ड एक की पार्षद सपना डागर के प्रयासों से सेक्टर-55 में फागिग शुरू कराई गई। वार्ड छह के पार्षद सुरेंद्र अग्रवाल, सात के पार्षद बीर सिंह नैन ने पर्वतीय कालोनी और जवाहर कालोनी के विभिन्न क्षेत्रों में फागिग अभियान शुरू चालू किया। ऐसे ही वार्ड 17 के पार्षद विकास भारद्वाज भी एसजीएम नगर में फागिग करवा रहे हैं। फागिग को आगे आई आरडब्ल्यूए

समाजसेवी सतीश चोपड़ा, धर्म शर्मा तथा संजय अरोड़ा फागिग अभियान को आगे आए हैं। सतीश चोपड़ा ने उन्होंने स्वयं फागिग मशीन खरीदी है। सतीश चोपड़ा ने बताया कि उन्होंने अब तक पांच नंबर, पर्वतीय कालोनी, एसजीएम नगर, नवादा तथा वार्ड नंबर तीन के कई क्षेत्रों में फागिग कराई है। ऐसे ही सेक्टर-29, आरडब्ल्यूए ने भी फागिग करने के लिए मशीन खरीदी है। आरडब्ल्यूए के महासचिव सुबोध नागपाल ने बताया कि डेंगू नियंत्रण के लिए उनकी टीम कई दिनों से सक्रिय है। डेंगू मामले में अति संवेदनशील क्षेत्र

जिन क्षेत्रों में इस वर्ष अब तक डेंगू और मलेरिया के मामले आए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने उन क्षेत्रों की सूची तैयार की है। यह सूची नगर निगम को उपलब्ध कराई गई है। सेक्टर-2, 7, 10, 14, 16, 16ए, 19, 21डी, 22, 23, 24, 25, एनआइटी एक, तीन, चार, पांच, डबुआ कालोनी, संजय कालोनी, जवाहर कालोनी, मुजेसर, बसेलवा कालोनी, एसजीएम नगर, पाली, सरुरपुर, तिगांव रोड, करनेरा, बड़खल, आदर्श नगर, न्यू जनता कालोनी, राहुल कालोनी तथा एसजीएम नगर संवेदनशील क्षेत्र हैं। नगर निगम के सभी वार्डों में फागिग अभियान चल रहा है। पार्षदों और समाजसेवियों के सहयोग से डेंगू मामले में संवेदनशील क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया गया है।

-यशपाल यादव, निगमायुक्त।

chat bot
आपका साथी