अस्पताल में घुसकर तोड़फोड़, सवा लाख रुपये लूटे

प्रेम नगर ऊंचा गांव में बदमाशों ने अस्पताल में घुसकर तोड़फोड़ की और सवा लाख रुपये लूट ले गए।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 08 Dec 2021 05:47 PM (IST) Updated:Wed, 08 Dec 2021 05:47 PM (IST)
अस्पताल में घुसकर तोड़फोड़, 
सवा लाख रुपये लूटे
अस्पताल में घुसकर तोड़फोड़, सवा लाख रुपये लूटे

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : प्रेम नगर ऊंचा गांव में बदमाशों ने अस्पताल में घुसकर तोड़फोड़ की। पिस्टल लहराते हुए अस्पताल कर्मचारियों के साथ मारपीट की और सवा लाख रुपये लूटकर ले गए। अस्पताल संचालक का कहना है कि यह हमला गांव मच्छगर निवासी आदित्य उर्फ कातिया के इशारे पर हुआ है। पुलिस ने अस्पताल संचालक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ऊंचा गांव निवासी मुनेश भाटी ने पुलिस को बताया कि वह यहां मानवता नाम से अस्पताल चलाता है। पहले उसका प्रापर्टी का काम था। तब गांव आमरू पलवल में सरपंच ओमवीर के यहां उसका आना-जाना था। आरोप है कि आदित्य उर्फ कातिया व उसके भाइयों ने ओमवीर सरपंच के साथ खाली जमीन पर कब्जा किया था। इस संबंध में उनके खिलाफ सेक्टर-58 थाने में मुकदमा दर्ज हो गया। कातिया ने समझा कि यह मुकदमा मुनेश भाटी ने दर्ज कराया है। इसके चलते रात करीब 11 बजे कातिया के साथी गांव मच्छगर निवासी मनोज उर्फ मुखी, बंटी, शेरू, प्रीतम, गांव दयालपुर निवासी चिट्टी और अटाली निवासी ईश्वर सफेद रंग की क्रेटा कार में मुनेश भाटी के अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने कर्मचारी योगेश से पूछा कि मुनेश भाटी कहां है। योगेश ने जानकारी होने से इन्कार कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने धमकी दी कि वे मुनेश की हत्या कर देंगे। इसके बाद सभी ने अपनी पिस्टल निकाल ली। अस्पताल के कैश काउंटर में रखे करीब सवा लाख रुपये लूट लिए। उन्होंने कर्मचारी योगेश को पीटा। वहीं अस्पताल में तोड़फोड़ की। जाते हुए वे हत्या की धमकी देकर गए। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। बता दें कि मच्छगर निवासी आदित्य उर्फ कातिया व उसके साथियों को सेक्टर-58 थाना पुलिस ने प्लाट पर कब्जे की कोशिश मामले में मंगलवार को गिरफ्तार किया है।

chat bot
आपका साथी